IPL 2023: कौन हैं ये ध्रुव जुरेल? जिनके पिता ने लड़ी कारगिल की जंग, खुद एमएस धोनी को मानते हैं अपना गुरु - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023: कौन हैं ये ध्रुव जुरेल? जिनके पिता ने लड़ी कारगिल की जंग, खुद एमएस धोनी को मानते हैं अपना गुरु

पंजाब किंग्स के खिलाफ ध्रुव जुरेल ने 15 गेंदो में 32 रनों की नाबाद पारी खेली।

Dhruv Jurel (Photo Source: Twitter)
Dhruv Jurel (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 में 5 अप्रैल को मुकाबला पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। पंजाब किंग्स ने रोमांचक मुकाबले में पांच रनों से जीत दर्ज की। शिखर धवन की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने इस सीजन की ताबड़तोड़ शुरूआत कर दी है। राजस्थान रॉयल्स ने पहले मैच में शानदार जीत हासिल की थी।

लेकिन दूसरे मैच में टीम को कमजोर बल्लेबाजी और गेंदबाजी की वजह से हार झेलनी पड़ी। राजस्थान रॉयल्स भले मैच हार गई हो लेकिन ध्रुव जुरेल के रूप में टीम को एक शानदार खिलाड़ी मिला है। ध्रुव जुरेल पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए नजर आए। ध्रुव जुरेल की बल्लेबाजी ने टूर्नामेंट में राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी क्रम को और ज्यादा मजबूत बना दिया है।

इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी करने उतरे थे ध्रुव जुरेल

पंजाब किंग्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम के धाकड़ बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, देवदत्त पाडिकल और रियान पराग जैसे बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। कप्तान संजू सैमसन भी 42 रन पर विकेट गंवा बैठे।

लेकिन फिर राजस्थान रॉयल्स खेमे ने युजवेंद्र चहल की जगह ध्रुव जुरेल को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में बुलाया। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ध्रुव जुरेल ने 213.33 के स्ट्राइक रेट से 15 गेंदो में 3 चौके और 2 छक्को की मदद से 32 रनों की नाबाद पारी खेली। ध्रुव जुरेल की शानदार बल्लेबाजी इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

ऐसा रहा है ध्रुव जुरेल का अब तक का करियर

ध्रुव जुरेल के करियर के बारे में बात करें तो उत्तर-प्रदेश के ये खिलाड़ी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2020 में भारतीय टीम का हिस्सा थे। भारतीय टीम ने उस वर्ल्ड कप के फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। वहां ध्रुव ने यशस्वी जायसवाल और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा ध्रुव ने BCCI द्वारा आयोजित जूनियर घरेलू कूचबिहार ट्रॉफी में 11 पारियों में 736 रन बनाए हैं।

पिछले साल दिसंबर 2022 में रणजी ट्रॉफी में ध्रुव जुरेल ने नागालैंड के खिलाफ 249 रनों की शानदार पारी भी खेली थी। 11 फर्स्ट क्लास मैचों में ध्रुव ने एक शतक और तीन अर्धशतकीय पारी के दम पर 587 रन बनाए हैं। आपको बता दें ध्रुव जुरेल ने अपने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि वह महेंद्र सिंह धोनी, एबी डिविलियर्स और विराट कोहली जैसे लीजेंड को फॉलो करते है।

आगरा के रहने वाले हैं ध्रुव

जुरेल उत्तर प्रदेश के आगरा से आते हैं और उनके पिता नेम सिंह जुरेल भारतीय सेना में अपनी सेवा दे चुके हैं और 1999 कारगिल युद्ध में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। शुरुआत में ध्रुव भी अपनी पिता की तरह इंडियन आर्मी ज्वाइन करना चाहते थे, लेकिन फिर बाद में उन्होंने क्रिकेट को अपने करियर के रूप में चुना।

close whatsapp