2019 वर्ल्ड कप के बाद से टीम इंडिया का बेस्ट नंबर-4 बल्लेबाज कौन?, इस सवाल का जवाब बयां कर रहे ये आंकड़े
भारतीय टीम मैनेजमेंट ने नंबर-4 पर कुछ विकल्पों को आजमाया है।
अद्यतन - अगस्त 23, 2023 6:01 अपराह्न

टीम इंडिया अगले कुछ महीनों में काफी व्यस्त रहने वाली है, क्योंकि 30 अगस्त से एशिया का आगाज होने जा रहा है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज और फिर वनडे वर्ल्ड कप होना है। हाल ही में एशिया कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा हुई है। वहीं भारत के लिए बैटिंग पोजीशन नंबर-4 को लेकर समस्या अभी भी बनी हुई है।
केएल राहुल और श्रेयस अय्यर चोट के बाद वापसी कर रहे हैं, लेकिन दोनों की गैरमौजूदगी में टीम मैनेजमेंट ने कुछ विकल्पों को आजमाया। तिलक वर्मा उनमें से एक नाम है। और एशिया कप के लिए उन्हें टीम में शामिल भी किया गया है। आंकड़े बताते हैं कि भारत ने नंबर-4 की समस्या के समाधान के लिए कदम उठाए हैं।
2019 वर्ल्ड कप के बाद से भारतीय टीम ने नंबर-4 पर 12 बल्लेबाजों को आजमाया है। और इस पोजीशन पर बल्लेबाजों का संयुक्त औसत केवल 33.5 है। आकड़ें बताते हैं कि नंबर-3 से नंबर-7 तक के बल्लेबाजों के मामले में, नंबर-4 के बल्लेबाजों ने सबसे कम रन बनाए हैं।
भारत ने जिन विकल्पों को आजमाया, उनमें श्रेयस अय्यर ने 2019 वर्ल्ड कप के बाद से भारत के लिए नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए 805 रन बनाए हैं। हालांकि, वह इस वक्त चोट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। तो क्या एशिया कप में सीधे वह प्रदर्शन कर पाएंगे, ये बड़ा सवाल है?
वहीं एक अन्य विकल्प के रूप में सूर्यकुमार यादव ने नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए 5 पारियों में सिर्फ 30 रन बनाए हैं। इसके अलावा वनडे प्रारूप में सूर्यकुमार के आंकड़े काफी खराब हैं। सिर्फ 24.3 का औसत है और उन्होंने 24 पारियों में केवल 511 रन बनाए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव नंबर-4 पर शायद ही आजमाए जाए।
राहुल का फिटनेस होगा चिंता का विषय
केएल राहुल की बात करें तो वह 2019 वर्ल्ड कप के बाद से मीडिल ऑर्डर में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाए हैं। हालांकि, वह चोट के बाद वापसी कर रहे हैं और एशिया कप के पहले कुछ मैचों में नहीं खेल पाएंगे। इशान किशन ने मीडिल ऑर्डर में 6 पारियों में 106 रन बनाए हैं। हालांकि, हाल ही में खेले गए वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में इशान को बतौर ओपनर आजमाया गया, जहां उन्हें मध्य क्रम में खिलाया जा सकता था।
तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद एशिया कप टी-20 में जगह बनाई है। लेकिन वनडे में उन्हें मध्य क्रम में बल्लेबाजी करने का कोई अनुभव नहीं है। जबकि अनुभवी संजू सैमसन को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में एशिया कप टीम में शामिल किया गया है।
नंबर-4 के खिलाड़ियों के लिए अवसर
एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन करने के साथ खिलाड़ियों के पास वर्ल्ड कप के लिए नंबर-4 पर अपना स्थान पक्का करने का अवसर होगा। 2019 वर्ल्ड कप के बाद से भारत के लिए नंबर-4 पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले श्रेयस अय्यर प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेंगे, हालांकि, अगर अय्यर पूरी तरह फिट नहीं होते हैं और अगर नंबर-4 पर वह रन बनाने में नाकाम रहते हैं तो इस स्थान पर सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ी देखने को मिल सकते हैं।