IPL 2022: जानिए 19 साल के तिलक वर्मा के बारे में जिसे मुंबई इंडियंस ने IPL 2022 मेगा ऑक्शन में बनाया करोड़पति
युवा आक्रामक बल्लेबाज तिलक वर्मा ने 20 लाख के आधार मूल्य के साथ IPL 2022 मेगा ऑक्शन में प्रवेश किया था।
अद्यतन - फरवरी 13, 2022 6:18 अपराह्न

हैदराबाद के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज तिलक वर्मा घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का जौहर दिखा चुके हैं, और अब जल्द ही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी अपना जादू दिखाने तैयार हैं।
तिलक वर्मा के लिए जारी IPL 2022 मेगा ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स (RR), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। फिर मुंबई इंडियंस (MI) भी नीलामी में कूद पड़ी, जिसके बाद CSK और MI के बीच कुछ समय तक जंग चलती रही।
मुंबई इंडियंस ने लुटाया तिलक वर्मा पर पैसा
CSK के साथ लंबी बिडिंग वॉर के बाद पांच बार की IPL विजेता टीम MI ने तिलक वर्मा पर बड़ा दांव खेला, उन्होंने एक करोड़ 70 लाख रुपए खर्च कर इस अनकैप्ड खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल कर लिया है। युवा आक्रामक बल्लेबाज ने 20 लाख के आधार मूल्य के साथ IPL 2022 मेगा ऑक्शन में प्रवेश किया था।
अब सभी के मन में विचार आ रहा होगा कि आखिर यह युवा बल्लेबाज कौन हैं जिस पर MI ने इतना यकीन दिखाते हुए एक करोड़ 70 लाख रुपए खर्च किए हैं। दरअसल, हैदराबाद के बल्लेबाज को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन का फल मिला हैं।
चलिए आइए तिलक वर्मा के बारे में कुछ तथ्यों पर हम प्रकाश डालते हैं –
- तिलक वर्मा का जन्म 08 नवंबर 2002 को हैदराबाद, आंध्र प्रदेश में हुआ था। अभी उनकी उम्र 19 साल है।
- वह मध्यक्रम के बल्लेबाज हैं, जो कभी-कभार ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं।
- वह 2020 अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने छह मैचों की तीन पारियों में 86 रन बनाए थे।
- अपनी राज्य टीम हैदराबाद के लिए खेलते हुए, तिलक वर्मा ने साल 2018 में आंध्र प्रदेश के खिलाफ प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था।
- उन्होंने लिस्ट-ए और टी-20 डेब्यू साल 2019 में किया था।
- तिलक वर्मा ने विजय हजारे ट्रॉफी 2021-22 में शानदार प्रदर्शन किया था, उन्होने चार विकेट लेने के साथ-साथ पांच मैचों में 180 रन बनाए थे।
- वह सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के पिछले सीजन में भी प्रभावशाली थे, उन्होंने 26 की स्ट्राइक रेट से 7 मैचों में 215 रन बनाए थे।
- तिलक वर्मा ने अब तक 15 टी-20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 77 के स्ट्राइक रेट के साथ 381 रन बनाए हैं, और 28 चौके और 17 छक्के लगा चुके हैं।