ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों टेस्ट मैच तीन दिन के अंदर क्यों हुए खत्म? अश्विन ने बताई सबसे बड़ी वजह - क्रिकट्रैकर हिंदी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों टेस्ट मैच तीन दिन के अंदर क्यों हुए खत्म? अश्विन ने बताई सबसे बड़ी वजह

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।

Ravichandran Ashwin (Photo Source: Twitter)
Ravichandran Ashwin (Photo Source: Twitter)

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम ने अब तक शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। पहले दो मैचों में भारत ने बड़ी जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा मैच 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले दोनों टेस्ट मैच 3 दिन के अंदर ही खत्म हुए हैं। इसी बीच हाल में टीम इंडिया के दिग्गज गेंदबाज आर अश्विन से फ्लाइट में एक फैन ने पूछा कि सभी टेस्ट मैच तीन दिन के अंदर कैसे खत्म हो रहे हैं। इसका जवाब अश्विन ने मजेदार अंदाज में अपने यूट्यूब चैनल पर दिया।

फ्लाइट में पैसेंजर ने अश्विन से पूछा था यह सवाल

दिल्ली टेस्ट में भारतीय टीम ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी। ऑस्ट्रेलिया दूसरी इनिंग में रवींद्र जडेजा (7 विकेट) और रविचंद्रन अश्विन (3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के चलते 113 रनों पर ऑल आउट हो गई थी। जिसके बाद भारत ने 115 रनों का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी। नागपुर टेस्ट को तीन दिन में खत्म करने के बाद दिल्ली टेस्ट को भी टीम इंडिया ने 3 दिन के अंदर खत्म किया था।

दिल्ली टेस्ट के बाद रविचंद्रन अश्विन फ्लाइट में एक पैसेंजर से मिले। उस पैसेंजर ने अश्विन से सवाल पूछ लिया कि क्यों भारतीय टीम ने 3 दिन के अंदर टेस्ट मैच को खत्म कर लिया। जिसका जवाब देते हुए अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बताया, ‘सर चीजें अब बदल गई है, एक तो क्रिकेटर्स की मानसिकता है। वे इन दिनों तेज गति से खेलना चाहते हैं। वे जल्दी से रन बनाना चाहते हैं।’

दोनों मैच 3 दिन के अंदर नहीं खत्म होना था- अश्विन

रविचंद्रन अश्विन ने आगे बात करते हुए निराशा जाहिर कि दोनों खेल 3 दिनों के अंदर समाप्त नहीं होने चाहिए थे। क्रिकेटर्स आज-कल सिर्फ रन बनाने के पीछे भागते हुए नजर आते हैं। अश्विन ने आगे कहा, ‘क्रिकेटर्स आज-कल समय नहीं लेना चाहते हैं सिर्फ रन बनाना चाहते हैं। लेकिन सिर्फ इसी वजह से हमें दोनों दृष्टिकोणों की तुलना नहीं करनी चाहिए और निर्णय लेना चाहिए कि कौन बेहतर है। ये दोनों मैच 3 दिनों के अंदर समाप्त नहीं होने चाहिए थे।’

close whatsapp