IPL 2025 में अंपायर आखिर क्यों बल्लेबाजों के बैट की कर रहे हैं चैक?। CricTracker Hindi

क्या IPL 2025 में बल्लेबाज कर रहे हैं चीटिंग? आखिर क्यों अंपायर को बार-बार चैक करना पड़ रहा है बैट? जानें यहां

आईपीएल 2025 में मैच के दौरान बल्लेबाजों का बल्ला चैक कर रहे हैं अंपायर

Sunil Narine Bat Check (Pic Source-X)
Sunil Narine Bat Check (Pic Source-X)

आईपीएल 2025 में अभी तक कई बेहतरीन खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फैंस का दिल जीत लिया है। ऐसे कई बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस सीजन में शानदार बल्लेबाजी की है और विरोधी टीम के गेंदबाजों के ऊपर दबाव डाला है।

हालांकि आईपीएल 2025 में मैच के दौरान अंपायर बल्लेबाजों का बल्ला चेक करते हुए नजर आ रहे हैं। तमाम क्रिकेट फैंस इस चीज को देखकर काफी हैरान है कि आखिर क्यों फील्ड अंपायर्स ने यह फैसला लिया है। बता दें, इसे गेज टेस्ट (Gauge Test) कहा जाता है, जो पहले ड्रेसिंग रूम में किया जाता था, लेकिन हाल ही में आईपीएल में अंपायरों ने मैदान पर ही इसे करना शुरू कर दिया है।

PBKS vs KKR मैच के दौरान चैक हुआ सुनील नरेन और एनरिक नॉर्खिया का बैट

15 अप्रैल को खेले गए कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम पंजाब किंग्स मैच के दौरान अंपायर्स ने सुनील नरेन, एनरिक नॉर्खिया और आंद्रे रसेल का बल्ला चैक किया था। तीनों बल्लेबाजों का बैट टेस्ट में फेल हुआ जिसके बाद उन्हें बैट बदलना पड़ा। इससे पहले भी फिल साल्ट और हार्दिक पांड्या का बल्ला अंपायर मैच के दौरान चैक करते हुए नजर आए हैं। अंपायरों द्वारा ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि कोई भी बल्लेबाजों नियमों से बड़ा या भारी बल्ला लेकर अनुचित लाभ न उठाए।

बीसीसीआई ने भी अपना पक्ष रखा

बीसीसीआई के सेक्रेटरी अरुण धूमल ने कहा कि,’किसी को नहीं महसूस करना चाहिए कि किसी को अनुचित लाभ मिला है। बीसीसीआई और आईपीएल ने हमेशा इस दिशा में सभी पहलों को लिया है ताकि खेल की निष्पक्षता बनी रहे। हमने यह सुनिश्चित करने के लिए अधिकतम तकनीक का उपयोग किया है कि सभी निर्णयों की समीक्षा की जा सके ताकि खेलों पर अनुचित प्रभाव न पड़े। इस पहल के पीछे का विचार यह सुनिश्चित करना है कि खेल की आत्मा बनी रहे।’

क्या कहता है नियम?

बैट की चौड़ाई 4.25 इंच (10.8 सेमी) तक सीमित है, अधिकतम गहराई 2.64 इंच (6.7 सेमी) है और किनारे 1.56 इंच (4.0 सेमी) से अधिक नहीं होने चाहिए। हैंडल बैट की कुल लंबाई का 52% से अधिक नहीं होना चाहिए। कवरिंग सामग्री की मोटाई 0.04 इंच (0.1 सेमी) तक सीमित है, और किसी भी टो प्रोटेक्शन की मोटाई 0.12 इंच (0.3 सेमी) से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, बैट को आधिकारिक बैट गेज के माध्यम से आसानी से गुजरना चाहिए।

नियमों के अनुसार, दो ओपनिंग बल्लेबाजों के बल्लों को चौथे अंपायर द्वारा चेक किया जाएगा, जब वे मैदान में प्रवेश करेंगे, जबकि मैदान पर मौजूद दो अधिकारी हर अन्य बल्लेबाज की क्रॉस-जांच करेंगे। पहले, बैट जांच मैच के दिन से पहले की जाती थी, लेकिन कुछ खिलाड़ियों द्वारा अगले दिन अलग बैट्स के साथ लौटने के बाद यह खामी उजागर हुई।

close whatsapp