'गीली गेंद से आप भला क्यों गेंदबाजी करेंगे'- लगातार दो हार के बाद गुजरात जायंट्स की रणनीति पर आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘गीली गेंद से आप भला क्यों गेंदबाजी करेंगे’- लगातार दो हार के बाद गुजरात जायंट्स की रणनीति पर आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल

भारत के पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने गुजरात जाइंट्स की रणनीति पर उठाए सवाल।

Aakash Chopra. (Photo Source: Instagram)
Aakash Chopra. (Photo Source: Instagram)

भारत के पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने महिला प्रीमियर लीग में गुजरात जायंट्स को मिली हार को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात जायंट्स के सामने इस मैच के बाद बस सवाल ही बच गए हैं।

दरअसल WPL 2023 का धमाकेदार आगाज हो चुका है। 5 मार्च को गुजरात जाइंट्स और यूपी वारियर्स के बीच मुकाबला देखने को मिला। इस मुकाबले में यूपी की टीम ने गुजरात की टीम को 3 विकेट से हरा दिया। जिसके बाद भारत के पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने गुजरात जाइंट्स की रणनीति पर सवाल उठाया है।

गुजरात का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला गलत था-आकाश चोपड़ा  

बता दें भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि, टॉस जीतकर गुजरात की टीम ने बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो मुझे काफी दिलचस्प लगा क्योंकि यहां पर ओस काफी पड़ती है और गेंद हाथ से फिसल जाती है। ऐसे में आप गीली गेंद से गेंदबाजी क्यों करना चाहेंगे, जबकि विरोधी टीम के पास चार स्पिनर हैं ?

उन्होंने आगे कहा कि आप चाहेंगे कि विरोधी टीम गीली गेंद से गेंदबाजी करें ना कि आप। लेकिन इस चीज के बारे में  शायद गुजरात जाइंट्स नहीं सोच रहे थे। दरअसल पिछले मैच में मुंबई के खिलाफ पहले गेंदबाजी करते हुए उन्हें काफी मार पड़ी थी। इसलिए इस बार गुजरात की टीम ने बल्लेबाजी का फैसला किया, जो गलत साबित हुआ।

उन्होंने आगे कहा कि, “गुजरात ने बिल्कुल शानदार शुरुआत की, जिसमें किम गर्थ ने एक के बाद एक विकेट चटकाए। जब ​​ताहलिया मैकग्रा आउट हो गई तो ऐसा लग रहा था कि यूपी वारियर्स के लिए अब जीतना मुश्किल हो जाएगा।” यूपी वारियर्स की खिलाड़ी किरण नवगिरे ने अच्छी पारी खेली, चौके और छक्के भी लगाई। हालांकि उसके बाद, विकेट फिर से गिरे  लेकिन फिर ग्रेस हैरिस ने टीम को संभाला और शानदार प्रदर्शन किए और अपनी टीम को जीत दिलाई।

close whatsapp