मेरी मां ने मुझे हमेशा और बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए प्रोत्साहित किया है: ओबेद मैकॉय
ओबेद मैकॉय ने दूसरे टी-20 मुकाबले में 4 ओवरों में 17 रन देकर 6 विकेट झटके।
अद्यतन - अगस्त 2, 2022 2:16 अपराह्न

सेंट किट्स के वॉर्नर पार्क में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को 5 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 19.4 ओवर में सभी अपने विकेट खोकर 138 रन बनाए। टीम की ओर से हार्दिक पांड्या ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। 139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट इंडीज टीम ने 19.2 ओवरों में यह मुकाबला अपने नाम किया।
वेस्टइंडीज की ओर से गेंदबाजी में ओबेद मैकॉय ने 4 ओवरों में 17 रन देकर 6 विकेट झटके वहीं बल्लेबाजी में ब्रेंडन किंग ने 52 गेंदों में 68 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेल टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने 5 मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। बता दें, पहले टी-20 मुकाबले को भारत ने 68 रनों से अपने नाम किया था।
इस मुकाबले में ओबेड मैकॉय की शुरुआत ही काफी धामेकदार हुई थी और उन्होंने पहली गेंद पर ही भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का विकेट अपने नाम किया था। उनके अलावा मैकॉय ने सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, दिनेश कार्तिक, रविचंद्रन अश्विन और भुवनेश्वर कुमार को भी आउट किया।
ये अवार्ड मेरी मां को समर्पित: ओबेद मैकॉय
वेस्टइंडीज के इस तेज गेंदबाज ने 2019 में अपना अंतरराष्ट्रीय टी-20 डेब्यू किया था। उन्होंने अभी तक 18 मुकाबलों में 15.48 के औसत से 29 विकेट हासिल किए हैं। भारतीय टीम के खिलाफ 6 विकेट लेने के बाद ओबेद मैकॉय काफी खुश हैं। मैकॉय को अपनी इस शानदार गेंदबाजी के चलते ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवार्ड से नवाजा गया।
ओबेद मैकॉय ने कहा कि ये अवार्ड वो अपनी बीमार मां को समर्पित करना चाहते हैं जिन्होंने उन्हें और बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया है। उन्हें अपने प्रदर्शन से काफी खुशी है।
मुकाबले के बाद कॉन्फ्रेंस में ओबेद मैकॉय ने कहा कि, ‘यह मेरी मां के लिए है। वह अभी बीमार है और उन्होंने मुझे हमेशा और बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए प्रोत्साहित किया है। पहली गेंद हमेशा बल्लेबाज पर दबाव डालती है। मैं हमेशा पावरप्ले में विकेट लेने के लिए देखता हूं।’