3 अगस्त को सुलझ सकता है अंतिम दो T20I मैचों के लिए अमेरिकी वीजा का मुद्दा
गुयाना से मियामी पांच घंटे की हवाई यात्रा से पहुंचा जा सकता है।
अद्यतन - अगस्त 3, 2022 10:34 पूर्वाह्न

वेस्टइंडीज और भारत के बीच इस समय खेली जा रही पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के अंतिम दो मैचों के लिए अब केवल तीन दिन शेष रह गए हैं, लेकिन अब तक खिलाड़ियों को फ्लोरिडा की यात्रा के लिए अमेरिकी सरकार से मंजूरी नहीं मिली है, क्योंकि वीजा का मुद्दा अभी भी सुलझ नहीं पाया है।
दोनों टीमों वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी संयुक्त राज्य अमेरिका से अपना वीजा स्वीकृत कराने में विफल रहे हैं, और अब वे 3 अगस्त को यूएस वीजा अपॉइंटमेंट के लिए गुयाना पहुंच चुके हैं। वीजा मुद्दे को लेकर भारतीय खिलाड़ी जॉर्जटाउन स्थित अमेरिकी दूतावास में बैठक करेंगे।
टीम इंडिया वीजा मुद्दे को लेकर गुयाना पहुंच चुकी है
हालांकि, क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने अभी तक इस मामले के सुलझने की अपनी उम्मीद नहीं छोड़ी है। खबरों के अनुसार, भारत और वेस्टइंडीज के सदस्य 3 अगस्त को जॉर्जटाउन, गुयाना पहुंच चुके हैं, जहां वीजा मुद्दे को लेकर अमेरिकी दूतावास में उन्हें अपॉइंटमेंट दिया गया हैं।
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) के अध्यक्ष रिकी स्केरिट ने क्रिकबज के हवाले से कहा: “दोनों टीमों के सदस्यों के लिए गुयाना में 3 अगस्त को यूएस वीजा एंट्री अपॉइंटमेंट बुक किए गए हैं। सभी संबंधित आवेदन किए जा चुके हैं। इसके अलावा, हमारे हाथ में कुछ भी नहीं है। लेकिन हम उम्मीद कर रहे हैं कि यह मुद्दा सुलझ जाएगा, और सभी को वीजा जारी किए जाएंगे।”
आपको बता दें, भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमों का लक्ष्य अंतिम दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए 4 अगस्त तक फ्लोरिडा पहुंचना है, क्योंकि जारी सीरीज का चौथा और पांचवां मैच क्रमशः 6 और 7 अगस्त को मियामी, फ्लोरिडा में खेला जाना है। जॉर्ज टाउन, गुयाना से मियामी पांच घंटे की हवाई यात्रा से पहुंचा जा सकता है।
भारतीय क्रिकेट टीम ने 2 अगस्त को खेले गए तीसरे T20I मैच में वेस्टइंडीज को 7 विकेट से मात देकर पांच मैचों की T20I सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली है। वेस्टइंडीज ने दूसरा मैच पांच विकेट से जीता था।