जब तक रमीज राजा PCB में हैं, मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी नहीं करूंगा: मोहम्मद आमिर
17 साल और 257 दिनों की उम्र में मोहम्मद आमिर टेस्ट क्रिकेट में 5 विकेट लेने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे।
अद्यतन - Jul 17, 2022 5:33 pm

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने पाकिस्तान मैनेजमेंट के बुरे बर्ताव के कारण दिसंबर 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। जब मोहम्मद आमिर से पूछा गया कि आप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे या नहीं तब उन्होंने कहा कि मैं तब तक वापसी नहीं करूंगा जब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष रमीज राजा अपने पद पर कार्यरत रहेंगे।
मोहम्मद आमिर की मानें तो जब तक रमीज राजा PCB को छोड़ कर नहीं चले जाते तब तक वो वापसी के बारे में सोचेंगे भी नहीं। बता दें, मोहम्मद आमिर इस समय इंग्लिश काउंटी में ग्लूस्टरशायर टीम की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतनी जल्दी टेस्ट में वापसी करना सही नहीं रहेगी, साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि रमीज राजा के साथ उनके संबंध काफी खराब चल रहे हैं।
मोहम्मद आमिर ने समा टीवी के साथ इंटरव्यू में कहा कि, ‘मेरे और रमीज राजा के बीच चीजें काफी लंबे समय से ठीक नहीं हुई है और ना ही वो कभी ठीक होंगी। सभी लोग जानते हैं कि रमीज राजा मेरे बारे में क्या सोचते हैं तो इसलिए इस समय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करना ठीक नहीं है। जब रमीज राजा PCB छोड़ कर चले जाएंगे तब मैं अपनी उपलब्धता के बारे में बता दूंगा।
मुझे ग्लूस्टरशायर के लिए खेलने में काफी अच्छा लग रहा है: मोहम्मद आमिर
मोहम्मद आमिर ने पाकिस्तान के लिए टेस्ट डेब्यू 2009 में श्रीलंका के खिलाफ गाले में किया था। उन्होंने 36 टेस्ट मुकाबलों में 119 विकेट्स, 61 वनडे मुकाबलों में 81 विकेट्स और 50 टी-20 मुकाबलों में 59 विकेट्स झटके हैं। पाकिस्तान के लिए उन्होंने आखिरी मुकाबला अगस्त 2020 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेला था।
17 साल और 257 दिनों की उम्र में आमिर टेस्ट क्रिकेट में 5 विकेट लेने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे। लेकिन मोहम्मद आमिर के लिए सब चीजें तब बदल गई जब 2010 में इंग्लैंड में हुए टेस्ट मुकाबले में उन्हें स्पॉट फिक्सिंग का दोषी पाए जाने के बाद 2011 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन पर 5 साल का बैन लगा दिया था। यह टी-20 मुकाबला था।
ESPN क्रिकइंफो के मुताबिक आमिर ने कहा कि, ‘ टेस्ट क्रिकेट में वापसी करना अभी थोड़ा जल्दी है। मैं अभी ग्लूस्टरशायर के लिए खेल रहा हूं और मुझे काफी अच्छा लग रहा है। आपको नहीं पता लेकिन योजनाएं कभी भी बदल सकती हैं। मैं 3 साल के बाद खेल रहा हूं और एक तेज गेंदबाज के लिए इतनी जल्दी अपनी लय में वापस आना आसान नहीं होता।
मैंने पिछले 4 सालों से एक भी फर्स्ट क्लास मुकाबला नहीं खेला है लेकिन अब पहले मुकाबले के बाद मुझे काफी अच्छा लग रहा है और सभी खिलाड़ी भी मेरा खूब साथ दे रहे हैं।