CT2025: कराची में विल यंग और टॉम लाथम ने पाक गेंदबाजों की निकाली हेकड़ी, जड़ा रिकॉर्डतोड़ शतक - क्रिकट्रैकर हिंदी

CT2025: कराची में विल यंग और टॉम लाथम ने पाक गेंदबाजों की निकाली हेकड़ी, जड़ा रिकॉर्डतोड़ शतक

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 320 रन बनाए।

Will Young And Tom Latham (Pic Source-X)
Will Young And Tom Latham (Pic Source-X)

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत आज यानी 19 फरवरी से हो चुकी है। इस समय टूर्नामेंट का पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। पाकिस्तान ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इस तरह न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 320 रन बनाए।

न्यूजीलैंड की ओर से विल यंग और टॉम लाथम ने रिकॉर्डतोड़ शतक जड़ा। न्यूजीलैंड की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं हुई थी और सलामी बल्लेबाज Devon Conway 10 रन बनाकर आउट हो गए थे। यही नहीं अनुभवी बल्लेबाज केन विलियमसन भी एक रन के निजी स्कोर पर वापस पवेलियन लौट गए थे। टीम के 40 रन पर दो विकेट गिर गए थे। यही नहीं डेरिल मिचेल भी इस मैच में अपनी छाप नहीं छोड़ पाए और 10 रन ही बना पाए।

न्यूजीलैंड को तीसरा झटका 73 के स्कोर पर लगा। हालांकि, तीन विकेट गिरने के बाद विल यंग और टॉम लाथम ने शानदार बल्लेबाजी की और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की ओर से आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में शतक बनाने वाले विल यंग चौथे खिलाड़ी हैं, जबकि टॉम लाथम पांचवें बल्लेबाज हैं। सलामी बल्लेबाज ने पाकिस्तान के खिलाफ 12 चौके और एक छक्के की मदद से 107 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।

इसके साथ ही टॉम लाथम ने 10 चौके और तीन छक्कों की मदद से 118* रनों का योगदान दिया। इस शानदार खिलाड़ी ने 784 दिन और 77 पारी के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक बनाया। चैंपियंस ट्रॉफी में यह पांचवीं बार है जब एक ही पारी में दो बल्लेबाजों ने शतक बनाया हो।

पाकिस्तान को यह मैच जीतने के लिए 321 रनों की जरूरत

पाकिस्तान की ओर से नसीम शाह ने 10 ओवर में 63 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि हारिस रऊफ ने 10 ओवर में 83 रन लुटाए और दो विकेट हासिल किए। अबरार अहमद ने एक विकेट लिया। पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए 50 ओवर में 321 रन बनाने हैं।

टीम के पास कई बेहतरीन बल्लेबाज है, जो इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर सकते हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ यह लक्ष्य को हासिल करना टीम के लिए मुश्किल जरूर होगा।

 

 

close whatsapp