महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023: दीप्ति शर्मा भारत की सबसे सफल गेंदबाज हैं: रीमा मल्होत्रा
15 फरवरी को खेले गए महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 के शानदार मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 6 विकेट से मात दी।
अद्यतन - Feb 16, 2023 12:46 pm

15 फरवरी को खेले गए महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 के शानदार मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 6 विकेट से मात दी। इस बेहतरीन मुकाबले में भारतीय टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट झटके। उनकी इस गेंदबाजी की वजह से वेस्टइंडीज 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 118 रन ही बना पाई।
बता दें, दीप्ति शर्मा ने सारा टेलर, शेमेन कैंपबेल और एफ़ी फ्लेचर को पवेलियन की राह दिखाई। भारत ने इस लक्ष्य को 6 विकेट रहते हासिल कर लिया। पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ दीप्ति शर्मा के लिए इतना अच्छा नहीं गया था लेकिन भारत में उस मुकाबले में भी जीत दर्ज की थी।
दीप्ति शर्मा की वेस्टइंडीज के खिलाफ गेंदबाजी को देखकर भारत के पूर्व खिलाड़ी रीमा मल्होत्रा ने अनुभवी ऑलराउंडर की जमकर प्रशंसा की है और उन्हें अपनी टीम का सबसे सफल गेंदबाज कहा है।
स्टार स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान रीमा मल्होत्रा ने कहा कि, ‘दीप्ति शर्मा भारत की सबसे सफल गेंदबाज हैं। आप यह देख सकते हैं कि वो किस गति से गेंदबाजी करती हैं और उनकी लाइन भी कमाल की रहती है। उन्हें पता है कि दबाव को कैसे झेलना है। हम निडर बल्लेबाजों के बारे में बात करते हैं लेकिन दीप्ति एक निडर गेंदबाज है। एक स्पिनर के रूप में आप उनको बार-बार देख सकते हैं और यह भी समझ सकते हैं कि वो कैसे अपनी गति को बदलती हैं। यह शर्मा की ताकत है।’
दीप्ति शर्मा भारतीय टीम की सबसे मजबूत पहलू है: अमोल मजूमदार
पूर्व क्रिकेटर और घरेलू क्रिकेट में मुंबई के इस समय के मुख्य कोच अमोल मजूमदार का मानना है कि दीप्ति शर्मा भारतीय टीम की सबसे मजबूत पहलू है और सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी भी।
स्पोर्ट्सकीड़ा के मुताबिक अमोल मजूमदार ने कहा कि, ‘मुझे लगता है कि दीप्ति शर्मा टीम की सबसे महत्वपूर्ण और मजबूत पहलू है। जब भी उन्हें जिम्मेदारी दी जाती है तो वो उसे काफी अच्छी तरह से निभाती है। कई बार देखा गया है कि उन्होंने मुकाबले का पहला या दूसरा ओवर फेंका है और आज उन्होंने पारी का अंतिम ओवर फेंका।
इसका मतलब यह है कि टीम मैनेजमेंट ने उन्हें जिम्मेदारी दी है और उन्होंने भी उनको निराश नहीं किया है। उन्होंने 100 विकेट पूरे किए मैं इसके लिए उन्हें बधाई देना चाहूंगा।’