WPL का पहला सत्र सभी के लिए काफी खास होने वाला है: जेमिमा रोड्रिगेज
महिला प्रीमियर लीग का पहला सत्र 6 मार्च से शुरू होने वाला है।
अद्यतन - फरवरी 9, 2023 5:45 अपराह्न

महिला प्रीमियर लीग (WPL) का पहला सत्र 6 मार्च से शुरू होने वाला है। इस शानदार टूर्नामेंट का सिर्फ क्रिकेट फैंस ही नहीं बल्कि कई महिला खिलाड़ी भी बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। भारतीय टीम की अनुभवी बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिगेज इस शानदार टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
बता दें, अभी तक भारतीय बल्लेबाज ने 75 टी-20 मुकाबलों में 1575 रन जड़े हैं। उन्होंने भारतीय टीम के लिए 21 वनडे मुकाबलों में 394 रन बनाए हैं। उन्होंने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 2018 में किया था।
हाल ही में जेमिमा रोड्रिगेज ने मुंबई में अपने शुरुआती दिनों के बारे में बताया और साथ ही महिला प्रीमियर लीग (WPL) के पहले सत्र को लेकर भी बड़ा बयान दिया।
जेमिमा रोड्रिगेज ने जिओसिनेमा में कहा कि, ‘मुझे क्रिकेट खेलना बहुत पसंद है और मैं हमेशा से यही करना चाहती थी। उस समय हमारे पास ज्यादा मैदान नहीं थे और भारत में लड़की का क्रिकेट खेलना अच्छा नहीं माना जाता था। मैं ऐसा नहीं कह रही कि यह हो रहा है लेकिन मुझे और मेरे पिता, जिन्होंने मुझे कोचिंग दी है नहीं जानते थे कि महिला क्रिकेट भी होता है। मैं सिर्फ क्रिकेट का लुफ्त उठाने के लिए इसे खेलती थी।’
WPL नीलामी का हम सबको इंतजार है: जेमिमा रोड्रिगेज
जेमिमा रोड्रिगेज सचिन तेंदुलकर को अपना आदर्श मानती है और उन्होंने बचपन से उन्हें खेलते हुए देखा है। इसी के साथ WPL के पहले सत्र को लेकर भी जेमिमा ने अपना पक्ष रखा।
जेमिमा रोड्रिगेज ने आगे कहा कि, ‘हमने हमेशा पुरुषों का IPL देखा और जाना कि ऑक्शन कैसे होता है। मैं इसके लिए काफी उत्साहित हूं। इसका अनुभव मैं भी लेना चाहती हूं। अभी तक ऐसा हम लोगों के साथ नहीं हुआ है लेकिन जब भी होगा हमें काफी मजा आएगा। मुझे लगता है कि WPL का पहला सत्र बहुत ही खास होने वाला है।’