महिला एशिया कप 2022 के शेड्यूल का हुआ ऐलान; भारत का सामना पाकिस्तान से 7 अक्टूबर को होगा
भारत छह खिताबों के साथ महिला एशिया कप के इतिहास में सबसे सफल टीम है।
अद्यतन - सितम्बर 21, 2022 11:08 पूर्वाह्न

एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने 20 सितंबर को महिला एशिया कप 2022 के कार्यक्रम की घोषणा की है। आगामी महिला टी-20 एशिया कप के आठवें संस्करण में सात टीमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, थाईलैंड, मलेशिया और यूएई भाग लेंगी, जो 1 से 15 अक्टूबर तक बांग्लादेश में खेला जाना है।
आपको बता दें, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और मलेशिया ने 2022 एसीसी महिला टी-20 चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचकर आगामी महिला एशिया कप 2022 के लिए क्वालीफाई किया है। आगामी महिला टी-20 एशिया कप 2022 के मैच बांग्लादेश के सिलहट अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
महिला एशिया कप 2022 में भारत का सामना 7 अक्टूबर को पाकिस्तान से होगा
इस बीच, आगामी महिला एशिया कप 2022 का आगाज बांग्लादेश और थाईलैंड के बीच भिड़ंत के साथ 1 अक्टूबर को सुबह 9 बजे सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मैदान 2 में होगा। जबकि भारत 1 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम ग्राउंड 2 में अपने महिला एशिया कप 2022 अभियान की शुरुआत करेगा, और टूर्नामेंट का यह दूसरा मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम 13 अक्टूबर को खेले जाने वाले सेमीफाइनल और 15 अक्टूबर को होने वाले फाइनल से पहले राउंड-रॉबिन प्रारूप में कुल छह मैच खेलेगी। भारत 7 अक्टूबर को पाकिस्तान से भिड़ने से पहले 3 और 4 अक्टूबर को क्रमशः मलेशिया और यूएई का सामना करेगा। जिसके बाद भारतीय महिला टीम का सामना मेजबान बांग्लादेश से 8 अक्टूबर को होगा और राउंड-रॉबिन राउंड के अंतिम मैच में वे 10 अक्टूबर को थाईलैंड से भिड़ेंगे।
जय शाह ने एक आधिकारिक बयान में कहा: “महिला एशिया कप के इतिहास में पहली बार सात टीमें राउंड-रॉबिन राउंड में भाग लेंगी, और हमें उम्मीद है कि इससे एसीसी सहयोगी टीमों को काफी बढ़ावा मिलेगा। हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आगामी टूर्नामेंट में सभी अंपायर और मैच रेफरी महिला अधिकारी होंगी।”
I am extremely delighted to announce the schedule for the 8th edition of the #WomensAsiaCup 2022 @ACCMedia1
Get set for some amazing matches & watch the women create history starting 1st October, with the final showdown on 15th October#PlayBeyondBoundaries #ACC #GetReadyForEpic pic.twitter.com/ifj43xzBs0— Jay Shah (@JayShah) September 20, 2022