World Cup 2023: वर्ल्ड कप के करीब आते ही बांग्लादेश को फिर याद आए श्रीधरन श्रीराम, BCB ने इस बार सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन श्रीराम की कोचिंग के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं।
अद्यतन - सितम्बर 21, 2023 1:55 अपराह्न

बांग्लादेश के पूर्व T20I मुख्य कोच Sridharan Sriram की एक बार फिर टीम में वापसी हो रही है। पिछले साल बांग्लादेश क्रिकेट टीम के साथ टी-20 वर्ल्ड कप के लिए तकनीकी सलाहकार के रूप में काम करने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर श्रीधरन श्रीराम एक बार फिर इस भूमिका में नजर आएंगे।
दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 21 सितंबर को भारत में 5 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे आगामी आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के लिए श्रीधरन श्रीराम को राष्ट्रीय टीम का तकनीकी सलाहकार नियुक्त किया है। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन श्रीराम की कोचिंग के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं।
वर्ल्ड कप 2023 में बांग्लादेश के तकनीकी सलाहकार होंगे Sridharan Sriram
आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए बांग्लादेश क्रिकेट टीम के टीम निदेशक खालिद महमूद ने क्रिकबज के हवाले से श्रीराम की नियुक्ति की पुष्टि की है। खालिद महमूद ने कहा: “हां, हमने श्रीधरन श्रीराम को आगामी वर्ल्ड कप 2023 के लिए तकनीकी सलाहकार नियुक्त किया है।”
यहां पढ़िए: BAN vs NZ प्लेइंग XI, पिच रिपोर्ट, Live Streaming, जानें इस मुकाबले से जुड़े सभी अपडेट्स
आपको बता दें, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने इससे पहले टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए श्रीराम को टीम का तकनीकी सलाहकार नियुक्त किया था। इसी दौरान BCB ने अलग-अलग फॉर्मेट के लिए अलग-अलग कोच नियुक्त करने का फैसला किया था। श्रीराम को T20I टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि टेस्ट और वनडे की जिम्मेदारी पूर्व कोच रसेल डोमिंगो संभाल रहे थे।
चंडिका हथुरुसिंघा के आने से Sridharan Sriram का पत्ता कटा था
फिर रसेल डोमिंगो के इस्तीफे के बाद चंडिका हथुरुसिंघा को बांग्लादेश का सभी प्रारूपों में मुख्य कोच नियुक्त किया गया और इसके साथ ही श्रीराम के कार्यकाल का अंत हो गया। हालांकि, पूर्व भारतीय क्रिकेटर आगामी वर्ल्ड कप 2023 से पहले एक बार फिर टीम में लौट आए हैं, और इसके पीछे का उद्देश्य साफ है कि वह भारतीय परिस्थितियों से अच्छी तरह से वाकिफ है, जो बांग्लादेश टीम के लिए आगामी मेगा इवेंट में काफी मददगार साबित हो सकता है।