World Cup 2023: शमी को शुरूआती मैचों से रखा गया बाहर, क्या कप्तान रोहित शर्मा को दोषी ठहराना है सही..?
वर्ल्ड कप 2023 में 6 मैचों में शमी अब तक 23 विकेट ले चुके हैं, साथ ही कई रिकॉर्ड भी तोड़ चुके हैं।
अद्यतन - नवम्बर 17, 2023 2:10 अपराह्न

Mohammad Shami Rohit Sharma: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा। भारत ने न्यूजीलैंड को 70 रन और ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 3 विकेट से शिकस्त देकर फाइनल में जगह पक्की की। टीम इंडिया पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुुए नजर आई है, वर्ल्ड चैंपियन बनने से मेजबान बस एक कदम दूर है।
मोहम्मद शमी जो शुरूआती मुकाबलों का हिस्सा नहीं थे, लेकिन फिर प्लेइंग 11 में वापसी करते हुए उन्होंने झंडे गाड़ दिए। शमी को शुरूआती मुकाबलों में जगह क्यों नहीं मिली.. इसकी चर्चा हो रही है। लेकिन इस चीज के लिए कप्तान रोहित शर्मा और मैनेजमेंट को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है।
इस कारण Shami को नहीं मिली शुरूआती मैचों में जगह
वर्ल्ड कप 2023 स्क्वॉड में मोहम्मद शमी भारत के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज है। वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले 12 मैचों में शमी ने 19 विकेट लिए थे। लेकिन ऐसे प्रदर्शन के बावजूद शमी को प्लेइंग 11 में पहले जगह नहीं मिली। टीम जसप्रीत बुमराह और सिराज के साथ गई। रोहित शर्मा चाहते थे तीसरा प्रमुख तेज गेंदबाज ऐसा हो जो बल्लेबाजी भी कर सकें, और शार्दुल ठाकुर सही ऑप्शन थे।
साथ ही हार्दिक पांड्या ऑलराउंडर के रूप में प्लेइंग 11 का हिस्सा थे। इस कॉम्बिनेशन के चलते मैनेजमेंट और रोहित शर्मा के हाथ बंधे हुए थे और वे शमी को शुरूआती मैचों में जगह नहीं दे पाए। लेकिन परिस्थितियां तब बदली, जब हार्दिक पांड्या चोटिल हुए… जिसके बाद रोहित शर्मा को मोहम्मद शमी (Moh. Shami) के साथ आगे जाना पड़ा। शमी (Moh. Shami) को लेकर रोहित की ये अपेक्षाएं थी कि वह 10 ओवर फेंके और साथ ही विकेट भी चटकाए।
6 मैचों में 23 विकेट ले चुके हैं शमी
न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलते ही शमी ने झंडे गाड़ दिए। 6 मैचों में शमी अब तक 23 विकेट ले चुके हैं, साथ ही कई रिकॉर्ड भी तोड़ चुके हैं। शमी (Moh. Shami) ने 6 मैचों में से 3 में पांच विकेट हॉल लिया है। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 7 विकेट लेकर शमी वनडे में ऐसा कारनामा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। शमी ने मात्र 17 मैचों में वर्ल्ड कप में 50 विकेट का आंकड़ा पूरा किया, वह यह रिकॉर्ड बनाने वाले सबते तेज गेंदबाज है।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा हमेशा अनुभव के पीछे रहे हैं, यह बात किसी से छुपी नहीं है। अक्षर पटेल के चोटिल होने के बाद टीम आर अश्विन के साथ गई, जिन्होंने लंबे समय से वनडे फॉर्मेट नहीं खेला था। वहीं टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद शमी की जगह टी-20 साइड से खत्म हो गई थी। लेकिन जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के चलते शमी की वापसी हुई। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए अजिंक्य रहाणे की टीम में एंट्री हुई।