'ऋषभ पंत का डगआउट में होना बहुत खास होगा...', IPL शुरू होने से पहले रिकी पोंटिंग ने जाहिर की बड़ी इच्छा - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘ऋषभ पंत का डगआउट में होना बहुत खास होगा…’, IPL शुरू होने से पहले रिकी पोंटिंग ने जाहिर की बड़ी इच्छा

आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स पहला मुकाबला 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ खेलेगी।

Rishabh Pant Ricky Ponting (Photo Source: Twitter)
Rishabh Pant Ricky Ponting (Photo Source: Twitter)

भारतीय खिलाड़ी ऋषभ पंत पिछले साल 30 दिसंबर को कार एक्सीडेंट में बुरी तरह घायल हो गए थे। गंभीर चोटों के बाद ऋषभ सर्जरी से गुजरे हैं, वह इस वक्त रिहैब की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। ऋषभ को क्रिकेट के मैदान में वापसी करने में लगभग 5-6 महीने लगने वाले हैं।

वहीं दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन पहला मुकाबला 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ खेलेगी। इस बार आईपीएल होम-अवे फॉर्मेट में खेला जाएगा। यानि हर टीम इस सीजन अपने होम ग्राउंड मे खेलते हुए नजर आएगी। दिल्ली कैपिटलस के कोच रिकी पोंटिंग चाहते हैं कि ऋषभ पंत होम ग्राउंड में होने वाले मुकाबलों में उनके साथ डगआउट में बैठे।

मैं पंत को घरेलू मैचों में डगआउट में देखना चाहता हूं- रिकी पोंटिंग

दिल्ली कैपिटल्स के लिए पिछला सीजन मिला-जुला रहा था। ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में मुंबई इंडियंस से हारकर टीम प्लेऑफ में प्रवेश करने से पीछ रह गई थी। टीम ने नंबर-5 के पोजिशिन पर सीजन को खत्म किया था।

दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन ऋषभ पंत की कप्तानी के अलावा उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी को भी मिस करने वाली है। ऋषभ पंत की जगह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेविड वॉर्नर टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।

रिकी पोंटिंग ने कहा, ‘मैंने ऋषभ से थोड़ी बात की है हम उन्हें सीजन में शामिल करने की उम्मीद कर रहे हैं। मैं उसे अपने सभी घरेलू खेलों में मौजूद देखना चाहता हूं। हमारे डगआउट या हमारे चेंजिंग रूम में उनका होना बहुत खास होगा। डेविड वॉर्नर बहुत अच्छा काम करेंगे, वह पहले एक फ्रेंचाइजी के सफल कप्तान रह चुके हैं। वह टीम का नेतृत्व करने के लिए बेहद उत्साहित हैं।’

सौरव के पास टीम से कहने के लिए काफी चीजें होती है- रिकी पोंटिंग

रिकी पोंटिंग ने दिल्ली कैपिटल्स के डायरेक्टर सौरव गांगुली के साथ आगामी सीजन को लेकर बातचीत का भी खुलासा किया। रिकी पोंटिंग ने कहा, ‘मैंने सौरव से उन खिलाड़ियों के बारे में बात की है जो हमारे पास है संभावित लाइन-अप, संभावित विकेटकीपर और इन तरह की चीजों के बारे में।’

रिकी पोंटिंग ने आगे कहा, ‘ट्रेनिंग के दौरान उनके पास टीम से कहने के लिए काफी सारी चीजें होती है। उनके साथ साल 2019 में काम करना शानदार था। हम उस सीजन काफी सारे मैच जीते थे।’

close whatsapp