WPL 2023: दीप्ति शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यूपी वॉरियर्स की उपकप्तानी करती हुए आएंगी नजर - क्रिकट्रैकर हिंदी

WPL 2023: दीप्ति शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यूपी वॉरियर्स की उपकप्तानी करती हुए आएंगी नजर

दीप्ति शर्मा ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी-20 डेब्यू 2016 में किया था और तबसे वो राष्ट्रीय टीम की महत्वपूर्ण खिलाड़ी रही हैं।

Deepti Sharma. (Photo Source: Twitter)
Deepti Sharma. (Photo Source: Twitter)

भारतीय टीम की धुआंधार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा महिला प्रीमियर लीग के आगामी सत्र में यूपी वॉरियर्स की उपकप्तानी करती हुई नजर आएंगी। यूपी वॉरियर्स ने दीप्ति शर्मा को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। बता दें, दीप्ति शर्मा को दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडरों में गिना जाता है।

इस समय खेले जा रहे ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 टूर्नामेंट में दीप्ति शर्मा ने पांच मुकाबलों में 6 विकेट अपने नाम किए। इस बेहतरीन खिलाड़ी के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का काफी अनुभव है और अब वो अपने अनुभव की मदद से यूपी वॉरियर्स को WPL का पहला सत्र जिताने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।

दुनियाभर में दीप्ति शर्मा ने कुल 30 फ्रेंचाइजी लीग क्रिकेट मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 32 विकेट झटके हैं और 394 रन भी जड़े हैं। महिला टी-20 चैलेंज में उन्होंने वेलोसिटी और ट्रेलब्लेजर्स के लिए खेला हुआ है। बता दें, दीप्ति शर्मा ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी-20 डेब्यू 2016 में किया था और तबसे वो राष्ट्रीय टीम की महत्वपूर्ण खिलाड़ी रही हैं।

काफी खुशी महसूस हो रही है कि यूपी फ्रेंचाइजी ने मुझे उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है: दीप्ति शर्मा

दीप्ति शर्मा ने कहा कि, ‘मैं उत्तर प्रदेश से ही हूं और मुझे यह जानकर बहुत खुशी महसूस हुई थी कि मैं यूपी वॉरियर्स की ओर से खेल रही हूं। अब जब मुझे टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है तो मैं काफी सम्मानित महसूस कर रही हूं। कप्तान एलिसा हीली और बाकी वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ में टीम को जिताने के इरादे से मैदान पर उतरना चाहूंगी। यूपी में ऐसी कई युवा खिलाड़ी हैं जो अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता रखती हैं और हम उनको प्रोत्साहित करना चाहेंगे।’

कैपरी ग्लोबल होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश शर्मा ने कहा कि, ‘दीप्ति शर्मा भारतीय क्रिकेट में सबसे टैलेंटेड खिलाड़ियों में से एक है। पूरा उत्तर प्रदेश अपनी पसंदीदा लड़की को खेलते हुए देखना चाहेगा। यूपी वारियर्स ने उन्हें एक नई भूमिका मिली है जो उपकप्तानी की है। मुझे पूरा भरोसा है कि वो अपनी इस नई भूमिका को अच्छी तरह से निभाएंगी।’

close whatsapp