WPL 2024: हरमनप्रीत कौर की तूफानी पारी का बजा डंका, गुजरात को मात देकर प्लेऑफ में पहुंची मुंबई इंडियंस - क्रिकट्रैकर हिंदी

WPL 2024: हरमनप्रीत कौर की तूफानी पारी का बजा डंका, गुजरात को मात देकर प्लेऑफ में पहुंची मुंबई इंडियंस

मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की।

Harmanpreet Kaur (Photo Source: WPL/X)
Harmanpreet Kaur (Photo Source: WPL/X)

WPL 2024, MUM-W vs GUJ-W: महिला प्रीमियर लीग 2024 का 16वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच खेला गया। गुजरात जायंट्स की कप्तान बेथ मूनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स ने 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन बोर्ड पर लगाए थे।

मुंबई इंडियंस की टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर की नाबाद 95* रन की पारी के बल पर एक गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य का पीछा कर लिया और 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में पहुंच गई है।

WPL 2024: गुजरात जायंट्स की टीम ने की शानदार बल्लेबाजी

मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स की टीम को पहला झटका तीसरे ही ओवर में लगा था। लौरा वोल्वार्ड्ट 13 रन बनाकर हेली मैथ्यूज के खिलाफ विकेट गंवा बैठी थी। जिसके बाद बेथ मूनी और दयालन हेमलता के बीच दूसरे विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी हुई। कप्तान बेथ मूनी ने 35 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 66 रनों की पारी खेली।

दयालन हेमलता ने 40 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 74 रनों की पारी खेली। जिसके बल पर टीम ने 190 रनों का स्कोर बोर्ड पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ खड़ा किया। मुंबई इंडियंस के लिए साइका इशाक ने 4 ओवर में 31 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट अपने नाम किया। वहीं हेली मैथ्यूज, शबनम इस्माइल, पूजा वस्त्राकर और एस. सजना के नाम 1-1 विकेट शामिल रहा।

हरमनप्रीत कौर ने खेली 95 रनों की शानदार पारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को शुरूआत अच्छी मिली थी। हेली मैथ्यूज और यास्तिका भाटिया के बीच पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई थी। हेली मैथ्यूज 7वें ओवर में 18 रन बनाकर तनुजा कंवर के खिलाफ विकेट गंवा बैठी। वहीं फिर 8वें ओवर में नेट सिवर-ब्रंट 2 रन पर शबनम के खिलाफ विकेट गंवा बैठी। यास्तिका भाटिया 14वें ओर में एश्ले गार्डनर के खिलाफ 49 रन पर विकेट गंवा बैठी।

जिसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम की जिम्मेदारी ली और जीत दिलाकर ही दम लिया। हरमनप्रीत कौर ने 48 गेंदों में 10 चौके और 5 छक्कों की मदद से 95* रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं अमेलिया कर ने 10 गेंदों में 12* रन की पारी खेल अहम योगदान दिया। गुजरात जायंट्स के लिए एश्ले गार्डनर, तनुजा कंवर और शबनम ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

close whatsapp