WPL 2024: मुंबई इंडियंस को 5 रन से मात देकर फाइनल में पहुंची RCB

WPL 2024: डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को 5 रन से मात देकर फाइनल में पहुंची RCB, दिल्ली से होगा मुकाबला

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 5 रनों से हराया।

RCB Women Team (Photo Source: X/Twitter)
RCB Women Team (Photo Source: X/Twitter)

WPL 2024, BAN-W vs MUM-W Eliminator: महिला प्रीमियर लीग 2024 का एलिमिनेटर मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के बीच 15 मार्च को दिल्ली में खेला गया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB 6 विकेट के नुकसान पर 135 रन ही बना पाई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 130 रन ही बना पाई और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 5 रन से जीत दर्ज की। इस शानदार जीत के साथ RCB फाइनल में पहुंच गई है। लीग का फाइनल मुकाबला 17 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा।

WPL 2024: एलिस पैरी ने खेली शानदार पारी

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के टॉप ऑर्डर का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। सोफी डिवाइन (10) दूसरे ओवर में हेली मैथ्यूज के खिलाफ आउट हो गई। कप्तान स्मृति मंधाना (10) तीसरे ओवर में नेट सिवर-ब्रंट के खिलाफ विकेट गंवा बैठी। दिशा कसात डक पर आउट हो गई। वहीं रिचा घोष जिनसे टीम को बड़ी उम्मीदें थी, 19 गेंदों में 14 रन की पारी खेल हेली मैथ्यूज का शिकार बन गई।

एलिस पैरी ने टीम की जिम्मेदारी लेते हुए 50 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 66 रनों की पारी खेली। जिसके बल पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर सम्मानजमक स्कोर बोर्ड पर खड़ा कर पाई। जॉर्जिया वेयरहम ने 18 रन की नाबाद पारी खेल अहम योगदान दिया। मुंबई इंडियंस के लिए हेली मैथ्यूज, नेट सिवर-ब्रंट और साइका इशाक ने 2-2 विकेट अपने नाम किया।

आखिरी दो ओवरों में आरसीबी ने की शानदार गेंदबाजी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को पहला झटका चौथे ओवर में लगा। हेली मैथ्यूज 14 गेंदों में 15 रन बनाकर श्रेयंका पाटिल के खिलाफ विकेट गंवा बैठी। जिसके बाद 8वें ओवर में यास्तिका भाटिया (19) और 11वें ओवर में नेट सिवर ब्रंट (23) विकेट गंवा बैठी। हरमनप्रीत कौर अच्छी पारी की ओर आगे बढ़ रही थी, लेकिन श्रेयंका पाटिल ने 18वें ओवर में हरमनप्रीत कौर को आउट कर टीम को बड़ी सफलता दिलाई।

हरमनप्रीत कौर ने 30 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 33 रनों की पारी खेली। सोफी मॉलिन्यू द्वारा डाले गए 19वें ओवर में मात्र 4 रन आए, और एस. सजना (1) का विकेट गिरा। मुंबई इंडियंस को आखिरी ओवर में जीत के लिए 12 रनों की जरूरत थी। आशा शोभना ने मात्र 6 रन दिया और पूजा वस्त्रकार (4) को अपना शिकार बनाया, और टीम को 5 रनों से जीत दिलाई। श्रेयंका पाटिल ने 4 ओवर में 16 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट अपने नाम किया। वहीं एलिस पैरी, सोफी मॉलिन्यू, जॉर्जिया वेयरहम, आशा शोभना के नाम 1-1 विकेट शामिल रहा।

close whatsapp