WPL 2025, UPW-W vs DC-W: यूपी वाॅरियर्स की टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार, रोमांचक मैच को दिल्ली कैपिटल्स ने 7 विकेट से जीता
अद्यतन - फरवरी 19, 2025 10:57 अपराह्न

Womens Premier League 2025: जारी महिला प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन का छठा मैच आज 19 फरवरी को यूपी वाॅरियर्स और दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीमों के बीच खेला गया। बता दें कि वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में पर खेले गए इस मैच में दिल्ली ने यूपी को 7 विकेट से हरा दिया है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वाॅरियर्स ने मैच में दिल्ली के सामने जीत के लिए 167 रनों का लक्ष्य रखा। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने इस टारगेट को 19.5 ओवरों में तीन विकेट खोकर रोमांचक तरीके से हासिल कर लिया।
UPW-W vs DC-W, छठे WPL मैच का हाल
मुकाबले के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीम ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वाॅरियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर कुल 166 रन बनाए।
टीम के लिए सलामी बल्लेबाज किरण नवगिरे ने 51 और स्वेता सहरावत ने 37 रनों की पारी खेली। इसके अलावा ग्रेस हैरिस ने 12 रनों का योगदान दिया। तो वहीं, अंत में चिनले हेनरी ने 15 गेंदों में 3 चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 33 रनों की पारी खेली।
दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो ऑलराउंडर एनाबेल सदलैंड को 2 विकेट मिले। इसके अलावा मारिजान काप, जेस जोनासेन, अरुंधती रेड्डी और मीनू मणि को 1-1 सफलता हाथ लगी।
इसके बाद, जब दिल्ली कैपिटल्स यूपी वाॅरियर्स से मिले 167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो उसने इस टारगेट को 19.5 ओवरों में 3 विकेट खोकर बड़े ही रोमांचक तरीके से हासिल कर लिया।
डीसी के लिए कप्तान मेग लैनिंग ने 69 रनों की कप्तानी पारी खेली। इसके अलावा एनाबेल सदरलैंड 41* और मारिजान काप 29* रन बनाकर नाबाद रहीं। यूपी वाॅरियर्स की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो सोफी एसलटन, दीप्ति शर्मा और ग्रेस हैरिस को 1-1 सफलता मिली।