रिद्धिमान साहा ने 2022-23 घरेलू सत्र के लिए त्रिपुरा के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया - क्रिकट्रैकर हिंदी

रिद्धिमान साहा ने 2022-23 घरेलू सत्र के लिए त्रिपुरा के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया

रिद्धिमान साहा ने आखिरी बार टेस्ट क्रिकेट न्यूजीलैंड के खिलाफ दिसंबर 2021 में खेला था।

Wriddhiman Saha. (Photo by Brendon Thorne/Getty Images)
Wriddhiman Saha. (Photo by Brendon Thorne/Getty Images)

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज रिद्धिमान साहा ने 2022-23 घरेलू सीजन के लिए प्रांतीय टीम त्रिपुरा के साथ अनुबंध साइन कर बंगाल के साथ अपने 15 साल पुराने संबंध को औपचारिक रूप से समाप्त कर दिया है।

अनुभवी क्रिकेटर ने 8 जुलाई को अगरतला में त्रिपुरा के साथ एक खिलाड़ी और मेंटर के रूप में कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है, और संभवत: उन्हें कप्तान चुना जा सकता है। वह त्रिपुरा से जुड़ने को लेकर एक महीने से भी अधिक समय से त्रिपुरा क्रिकेट संघ (TCA) के साथ बातचीत कर रहे थे।

रिद्धिमान साहा ने जून के अंत में बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) प्राप्त करते ही आगे बढ़ने का फैसला किया। आपको बता दें, CAB के एक वरिष्ठ प्रशासक द्वारा की गई टिप्पणी से आहत होने के बाद साहा ने एनओसी (NOC) के लिए अनुरोध किया था।

रिद्धिमान साहा ने त्रिपुरा के साथ साइन किया अनुबंध

ईएसपीएनक्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के अनुसार, त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन (TCA) ने रिद्धिमान साहा की त्रिपुरा टीम में स्थिति (प्लेयर-कम-मेंटर) को औपचारिक रूप नहीं दिया है, लेकिन कहा जा रहा है कि वह पूरे घरेलू सत्र के लिए उपलब्ध होंगे। आगामी घरेलू सत्र के लिए त्रिपुरा की तैयारी सितंबर में शुरू होने की उम्मीद है, और साहा कुछ ट्रेनिंग शिविरों में हिस्सा ले सकते है। उन्होंने आखिरी बार टेस्ट क्रिकेट न्यूजीलैंड के खिलाफ दिसंबर 2021 में खेला था।

आपको बता दें, रिद्धिमान साहा ने 122 प्रथम-श्रेणी मैच खेले हैं, जिनमे उन्होंने 38 अर्धशतकों और 13 शतकों कि मदद से 41.98 की औसत से 6423 रन बनाए हैं। इसके अलावा, उन्होंने भारत के लिए 40 टेस्ट मैच खेले और 29.41 के औसत से 1300 से अधिक रन बनाए।

अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज आखिरी बार एक्शन में नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स (GT) के लिए आईपीएल 2022 (IPL 2022) के दौरान नजर आए थे। उन्होंने बतौर सलामी बल्लेबाज आईपीएल 2022 (IPL 2022) में गुजरात टाइटन्स (GT) की खिताबी जीत में अपनी भूमिका निभाई।

close whatsapp