SL vs IND: आउट होने के बाद आपस में भिड़े यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो, मैदान पर गरमाया माहौल; देखें वीडियो

SL vs IND: आउट होने के बाद आपस में भिड़े यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो, मैदान पर गरमाया माहौल; देखें वीडियो

कोलंबो टेस्ट में टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

Yashasvi Jaiswal and Asitha Fernando(Image credit Twitter - X)
Yashasvi Jaiswal and Asitha Fernando(Image credit Twitter – X)

भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैदान पर उस समय माहौल गरमा गया, जब भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच तीखी बहस देखने को मिली। यह घटना भारत की पहली पारी के 17वें ओवर में हुई।

फर्नांडो ने शानदार गेंद पर जायसवाल को 45 रन के स्कोर पर बोल्ड किया। गेंद पिच से अंदर की ओर तेजी से आई और जायसवाल के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीधे स्टंप्स से जा टकराई। जायसवाल ने अपनी पारी में 53 गेंदों का सामना किया और नौ चौके लगाए।

जायसवाल का विकेट लेने के बाद फर्नांडो ने उनकी ओर इशारा करते हुए जोशीला सेलिब्रेशन किया। इस दौरान जायसवाल कुछ कदम आगे जाने के बाद रुक गए और गेंदबाज की ओर वापस मुड़ गए। दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए और कुछ देर तक उनके बीच बहस होती रही।

इस दौरान जायसवाल और फर्नांडो के सिर हल्के तौर पर टकराते हुए भी दिखाई दिए। स्थिति बिगड़ने से पहले श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने तुरंत बीच-बचाव किया और दोनों को अलग कर दिया। फिलहाल इस घटना को लेकर आईसीसी या बीसीसीआई की ओर से किसी संभावित कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

भारत की शुरुआत रही मुश्किल

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन टीम को सुबह के सत्र में लगातार झटके लगे। जायसवाल के आउट होने के बाद भारत का स्कोर 66 रन पर दो विकेट हो गया।

इससे पहले केएल राहुल 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। उन्हें लाहिरू कुमारा की गेंद पर विकेटकीपर ने कैच किया। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल बल्लेबाजी के लिए आए।

भारत की प्लेइंग XI में बदलाव

दूसरे टेस्ट के लिए भारत ने अपनी टीम में बदलाव किया। युवा स्पिनर सारांश जैन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला। कुलदीप यादव संक्रमण के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए, जिसके बाद उन्हें टीम से बाहर रखना पड़ा।

कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के दौरान कुलदीप की अनुपलब्धता की पुष्टि की। ऐसे में सारांश के पास अपने डेब्यू टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन कर टीम में अपनी जगह मजबूत करने का मौका है।

ये भी पढ़ें – SL vs IND, 2nd Test: भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, सारांश जैन का हुआ डेब्यू; देखें दोनों टीम्स की प्लेइंग XI

close whatsapp