सेंचुरियन में कमाल नहीं दिखा पाए यशस्वी जायसवाल, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम की निराशाजनक शुरुआत
युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल पहले टेस्ट में अपनी छाप नहीं छोड़ पाए और 37 गेंदों में चार चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हो गए।
अद्यतन - दिसम्बर 26, 2023 3:06 अपराह्न

इस समय भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मुकाबला सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट्स में खेला जा रहा है। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अभी तक उनका यह है फैसला काफी सही साबित हुआ है।
भारतीय टीम ने इस टेस्ट मैच के शुरुआती 10 ओवर में ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को खो दिया है। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा पहले टेस्ट में बड़ा स्कोर नहीं बना पाए और पांच रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट दक्षिण अफ्रीका के शानदार तेज गेंदबाज कगिसो राबाडा ने झटका।
यही नहीं युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी पहले टेस्ट में अपनी छाप नहीं छोड़ पाए और 37 गेंदों में चार चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट नंद्रे बर्गर ने झटका। यह नंद्रे बर्गर का पहला टेस्ट विकेट है। नंद्रे बर्गर की गेंद पर यशस्वी जायसवाल ड्राइव मारना चाह रहे थे लेकिन गेंद उनके बल्ले से लगकर सीधा विकेटकीपर Kyle Verreynne के पास गई जहां उन्होंने इस कैच को काफी अच्छी तरह से पकड़ा।
फिलहाल भारतीय टीम को दो बड़े झटके लग चुके हैं। हालांकि अभी भी टीम के पास कई शानदार खिलाड़ी मौजूद है।
शुभमन गिल भी सस्ते में हुए आउट
भारतीय टीम के जबरदस्त बल्लेबाज शुभमन गिल भी इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 12 गेंदों में दो रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट भी नंद्रे बर्गर ने झटका। फिलहाल भारतीय टीम काफी खराब स्थिति में और अगर उन्हें मैच जीतना है तो यहां से बड़ा स्कोर बनाना होगा।
बता दें, इस दौरे में भारतीय टीम ने वनडे सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हराया था। फिलहाल टेस्ट सीरीज को भारतीय टीम अपने नाम जरुर करना चाहेगी। दक्षिण अफ्रीका को अपने ही घर में टेस्ट में हराना इतना आसान नहीं है और यह बात भारतीय टीम को भी काफी अच्छी तरह से पता है। जहां पहले मैच आज यानी 26 दिसंबर से सेंचुरियन में शुरू हो चुका है वहीं दूसरा और अंतिम टेस्ट मुकाबला इन दोनों टीमों के बीच 3 जनवरी से केपटाउन में खेला जाएगा।