पार्थिव पटेल ने की यशस्वी जायसवाल की जमकर तारीफ, कहा- उन्होंने KKR के खिलाफ बहुत अच्छी बल्लेबाजी की
यशस्वी ने अपने गेम प्लान पर वास्तव में अच्छी तरह से काम किया है।
अद्यतन - मई 12, 2023 6:03 अपराह्न

आईपीएल 2023 के 56वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) को 9 विकेट से हराया। बता दें पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 149 रन ही बना पाई। वहीं इसके जवाब में दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 14 वें ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया।
बता दें इस टीम की ओर से यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन ने बेहतरीन पारी खेली। वहीं राजस्थान के गेंदबाजों के आगे कोलकाता के खिलाड़ी रन बनाने के लिए परेशान नजर आए। बता दें युजवेंद्र चहल ने इस मुकाबले में 28 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
बल्लेबाजी सही टाइम पर और सही क्रिकेटिंग शॉट्स के साथ रही- पार्थिव पटेल
वहीं भारत के पूर्व खिलाड़ी पार्थिव पटेल ने यशस्वी जायसवाल की जमकर तारीफ की। जियो सिनेमा पर बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि, यशस्वी ने आज जिस तरह से बल्लेबाजी की, ऐसे में आप क्रिस गेल और युवराज सिंह की बातें करना पसंद करेंगे। यहां बल्लेबाजी सही टाइम पर और सही क्रिकेटिंग शॉट्स के साथ रही। किसी भी समय ऐसा नहीं लगा कि वह कुछ जबरदस्ती कर रहे हैं बस इसे अच्छी तरह से समय दे रहे है।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, यशस्वी ने अपने गेम प्लान पर वास्तव में अच्छी तरह से काम किया है। उन्होंने नितीश राणा को पहला ओवर फेंकते हुए देखा और वह समझ गए अगर वह बल्लेबाजी करते हैं तो बड़ा स्कोर खड़ा कर सकते हैं और पहली गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने ऐसा ही किया। यह आज के बल्लेबाजों के सोच को दिखाता है कि वे किसी भी चीज से नहीं डरते हैं।
इसके साथ आईपीएल एक्सपर्ट ग्रीम स्मिथ ने कहा कि, KKR को पता था कि जीतने के लिए 180 रनों की जरूरत है। फील्डर शानदार रही और कुछ शानदार कैच भी लपके गए। वहीं युजवेंद्र चहल ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की। उनके पास वाइड गेंदबाजी करने की क्षमता है। इसके साथ ही उन्होंने संजू सैमसन की तारीफ करते हुए कहा कि वह बहुत टैलेंटेड क्रिकेटर हैं और गेंद को काफी आसानी से बॉउंड्री लाइन के बाहर पहुंचाना जानते हैं।