'टी-20 में 50 रनों की हार बड़ी बात है लेकिन...'- LSG से हारने के बाद वसीम जाफर का बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘टी-20 में 50 रनों की हार बड़ी बात है लेकिन…’- LSG से हारने के बाद वसीम जाफर का बड़ा बयान

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पंजाब किंग्स को 56 रनों से हार झेलनी पड़ी थी।

Punjab Kings Wasim Jaffer (Photo Source: Twitter)
Punjab Kings Wasim Jaffer (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन अब तक मिला-जुला रहा है। लीग के पिछले मुकाबले में टीम को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 56 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट में पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला 30 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चेपॉक में खेला जाएगा। पंजाब किंग्स इस मुकाबले में वापसी करना चाहेगी। इसी बीच आगामी मुकाबले से पहले टीम के बल्लेबाजी कोच वसीम जाफर ने टीम की पिछली हार को लेकर बड़ा बयान दिया है।

हम अच्छी गेंदबाजी कर सकते थे- वसीम जाफर

पंजाब किंग्स के खराब गेंदबाजी के चलते लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 257 रन बोर्ड पर लगाए थे। पंजाब किंग्स के गेंदबाजी को लेकर वसीम जाफर ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन पर बात करते हुए कहा, ‘जिस तरह से लखनऊ सुपर जायंट्स ने पारवप्ले में शुरूआत की, उसके बाद वह नहीं रूके। आयुष बडोणी, मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन, हर किसी ने शानदार खेल दिखाया। जब कोई ऐसा खेलता है तो चीजें मुश्किल हो जाती है। आप कह सकते हैं गेंदबाजी में हमारा बुरा दिन था।’

वसीम जाफर ने आगे कहा, ‘हम अपनी गेंदबाजी के चलते सीजन में तीन बार अब तक मुश्किल परिस्थिति से निकले। लेकिन हम प्लान-बी का इस्तेमाल कर सकते थे। हम बड़े क्षेत्र में गेंदबाजी कर सकते थे स्लोवर गेंदोंं का इस्तेमाल कर सकते थे, जो हमने नहीं किया। लेकिन हमें उनके बल्लेबाजों को क्रेडिट देना होगा। मुझे लगता है हमारे गेंदबाज मजबूती से वापसी करेंगे।’

टी-20 में 50 रनों से हार बड़ी बात है- वसीम जाफर

लखनऊ सुपर जायंट्स द्वारा निर्धारित किए गए लक्ष्य को पंजाब किंग्स हासिल नहीं कर पाई। और टीम 19.5 ओवर में 201 रन पर ऑलआउट हो गई। वसीम जाफर ने टीम की बल्लेबाजी को लेकर आगे बात करते हुए कहा, ‘यहां थोड़ी बहुत ओस थी जब हम अभ्यास कर रहे थे। लेकिन जब विपक्षी 257 रन बोर्ड पर लगा दे तो रन चेज और ज्यादा मुश्किल हो जाता है।’

‘इसलिए हमें अच्छी गेंदबाजी करनी चाहिए थी। कई बार ऐसे रन चेज में आप 120-130 पर ऑलआउट हो जाते हैं। जिससे रन रेट पर असर पड़ता है। हां 50 रनों की हार टी-20 में बहुत बड़ी है। लेकिन 200 रन बनाना भी अच्छी बात है।’ वसीम जाफर इसके अलावा अथर्व तायडे और जीतेश शर्मा जैसे बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए भी नजर आए।

close whatsapp