IND vs AUS: एक बार फिर केएल राहुल हुए फ्लॉप, पूर्व खिलाड़ियों ने भारतीय बल्लेबाज की जमकर लगाई क्लास
केएल राहुल ने पहली पारी में 41 गेंदों में 1 छक्के की मदद से मात्र 17 रन बनाए।
अद्यतन - फरवरी 18, 2023 3:54 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टेस्ट मुकाबले में एक बार फिर मेजबान टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और पहली पारी में मात्र 17 रन बनाकर आउट हो गए। पिछले काफी समय से केएल राहुल का प्रदर्शन बेहद ख़राब रहा है जिसको लेकर उनकी काफी आलोचना भी हुई है।
दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन आस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन ने उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। राहुल ने पहली पारी में 41 गेंदों में 1 छक्के की मदद से मात्र 17 रन बनाए। अब इसी को लेकर पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर और स्टीव वॉ ने भारतीय सलामी बल्लेबाज को लेकर बड़ा बयान दिया है।
सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा कि, ‘राहुल को यह नहीं पता कि उन्हें पीछे जाना है या आगे आना है। जब गेंद टर्न हो रही होती है तो वो अपने आगे वाले पैर को निकालकर खेलते हैं। आपको इन गेंदों को सीधे बल्ले से खेलना चाहिए लेकिन जब आप अपने आगे वाले पैर को निकालकर खेलते हैं तो आपका बल्ला मुड़ जाता है और आपको मजबूरी में शॉट खेलना पड़ता है। रोहित गेंद को देखकर अपने शॉट खेलते हैं। जब उन्हें लगता है कि इस गेंद पर आगे बढ़कर खेलना चाहिए तब वो तेजी से प्रहार करते हैं, वहीं अच्छी गेंदों को वो डिफेंड करते हैं। राहुल को भारतीय कप्तान से सीखना चाहिए।’
राहुल अब आउट होने से डर रहे हैं: स्टीव वॉ
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी स्टीव वॉ ने कहा कि, ‘मुझे लगता है कि केएल राहुल को अपने आपको समझाना पड़ेगा। वो आउट होने से डर रहे हैं। आप ऐसे बल्लेबाजी नहीं कर सकते, आपको अपनी काबिलियत पर भरोसा होना चाहिए। वो अपने आप को रोक रहे हैं। मैं उनको बिना किसी दबाव के बल्लेबाजी करते हुए देखना चाहता हूं।’
पूर्व भारतीय खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने भी केएल राहुल के विकेट को लेकर अपना बयान दिया। उन्होंने कहा कि, ‘आक्रामक खेलने का मतलब यह नहीं कि आप 3 गेंदें डिफेंड करें और उसके बाद चौथी गेंद पर छक्का जड़े। मैं चाहता हूं कि वो खुले दिमाग के साथ बल्लेबाजी करें बिना किसी दबाव के जैसे विराट कोहली करते हैं। वो पहली गेंद से ही 1 और 2 रन लेने को देखते हैं और इसी वजह से कोहली काफी सफल बल्लेबाज हैं। अगर आप आउट होने की चिंता करेंगे तो आप अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाएंगे।’