रोहन गावस्कर ने भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह की महत्वता को बताया
'जसप्रीत बुमराह की जगह कोई भी खिलाड़ी नहीं ले सकता है। उनके रहने से टीम की गेंदबाजी में काफी मजबूती आ जाती है': रोहन गावस्कर
अद्यतन - अक्टूबर 3, 2022 7:02 अपराह्न

अभी कुछ ही दिन पहले ऐसी रिपोर्ट सामने आई थी कि पीठ की चोट की वजह से जसप्रीत बुमराह टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गए हैं, उनकी पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर हुआ है। तमाम लोग इन रिपोर्ट्स की वजह से काफी दुखी हो गए थे, लेकिन हाल ही में जसप्रीत बुमराह की चोट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया।
खबरों के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह को पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर नहीं बल्कि स्ट्रेस रिएक्शन हुआ है और उन्हें इससे ठीक होने में 4 से 6 हफ्ते लगेंगे। तमाम लोग इस बात से काफी खुश हो गए हैं हालांकि अभी भी बुमराह के मुख्य टूर्नामेंट में खेलने को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है। अगर वो इस चोट से पूरी तरह से फिट हो जाते हैं तब ही वो टी-20 वर्ल्ड कप में खेलते हुए नजर आएंगे। इसी को लेकर भारत के पूर्व खिलाड़ी रोहन गावस्कर ने भारतीय तेज गेंदबाज की महत्वता के बारे में बताया है।
अगर टी-20 वर्ल्ड कप से बुमराह बाहर हो जाते हैं तो उनकी कमी टीम को जरूर खलेगी: रोहन गावस्कर
रोहन गावस्कर ने जसप्रीत बुमराह की टीम में महत्वता को लेकर स्पोर्ट्स18 में कहा कि, ‘जसप्रीत बुमराह की जगह कोई भी खिलाड़ी नहीं ले सकता है। उनके रहने से टीम की गेंदबाजी में काफी मजबूती आ जाती है। जसप्रीत बुमराह जिस भी टीम में होंगे उनके पास गेंदबाजी में काफी मजबूती होगी। सच बताऊं तो अगर मुझे गेंदबाजी XI चुननी होती तो मैं सबसे पहले भारतीय तेज गेंदबाज को चुनता।’
गावस्कर ने आगे कहा कि, ‘अगर जसप्रीत बुमराह इस टूर्नामेंट में नहीं खेलते हैं तो भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगेगा। मैं यह नहीं कहूंगा कि भारतीय टीम के प्रदर्शन में कुछ बदलाव देखने को मिलेगा क्योंकि अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में ऐसे कई मैच हुए हैं जिसमें बुमराह ने टीम की ओर से नहीं खेला है और इसके बावजूद उन्होंने जीत दर्ज की है।
मुझे लगता है कि भारतीय टीम ने यह पहले से ही सोच रखा होगा कि अगर बुमराह नहीं खेलते हैं तो उन्हें दूसरी योजना के तहत खेलना होगा।’
भारतीय टीम इस समय डेथ ओवरों में काफी खराब प्रदर्शन कर रही है और बुमराह उनकी इस समस्या का समाधान है। सिर्फ टीम के खिलाड़ी ही नहीं बल्कि तमाम प्रशंसक भी यही दुआ कर रहे होंगे कि बुमराह जल्द से जल्द ठीक हो जाए और इस बड़े टूर्नामेंट में खेलते हुए दिखाई दे।