माइकल वॉन ने दिया CSK की हार पर बड़ा बयान, टीम के बैटिंग अप्रोच पर उठाए सवाल
अगर चेन्नई दो या तीन विकेट भी गंवा देती और 60 रन बना लेती तो फिर उनका रन रेट बना रहता।
अद्यतन - Apr 28, 2023 5:37 pm

आईपीएल 2023 के 37 वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई को 32 रनों से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 20 ओवर में 202 रन बनाई। वहीं इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 20 ओवर में 170 रन ही बना सकी।
दरअसल 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरूआत बहुत अच्छी नहीं रही थी। बता दें चेन्नई सुपर किंग्स ने पॉवरप्ले में मात्र 42 रन बनाए। पिछले कुछ मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले CSK के ओपनर डेवन कॉनवे भी इस मुकाबले में अच्छे लय में नहीं दिखे और वह 16 गेंदों में मात्र 8 रन बनाकर आउट हो गए।
पावरप्ले में चेन्नई की टीम ज्यादा रन नहीं बना पाई- माइकल वॉन
वहीं CSK की इस हार पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है और उन्होंने सीएसके के रन चेज पर सवाल भी उठाए हैं। माइकल वॉन का मानना है कि, पावरप्ले में चेन्नई की टीम ज्यादा रन नहीं बना पाई और इस कारण से ही वो इस टार्गेट को हासिल नहीं कर सकी।
दरअसल माइकल वॉन का कहना है कि चेन्नई की टीम को अपने रन रेट को बरकरार रखना चाहिए था, भले ही वो इस चक्कर में एक दो विकेट भी गंवा देते तो चल सकता था। बता दें क्रिकबज पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, चेन्नई ने पावरप्ले में काफी अजीब बल्लेबाजी की। यह टीम सिर्फ 42 रन ही बना पाई और डेवोन कॉनवे का विकेट भी गंवा दिया।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि, मुझे नहीं लगता है कि CSK ने पहले छह ओवर में तेजी से रन बनाने की कोशिश की। अगर चेन्नई दो या तीन विकेट भी गंवा देती और 60 रन बना लेती तो फिर उनका रन रेट बना रहता। दरअसल 200 से ज्यादा रनों का पीछा करते हुए अगर कोई भी टीम पावरप्ले में सात की औसत से रन बनाती है तो फिर वो ज्यादातर लक्ष्य से पीछे ही रह जाती है। इस रन चेज के दौरान पावरप्ले में चेन्नई को धीमी बल्लेबाजी करना महंगा पड़ा।