‘IPL में तो एक मैच भी नहीं छोड़ते’- सीनियर खिलाड़ियों के आराम पर भड़के सुनील गावस्कर
जो खिलाड़ी आईपीएल में भाग नहीं लेते उन्हें भारतीय टीम के लिए भी लगातार उपलब्ध रहना चाहिए-सुनील गावस्कर
अद्यतन - Jul 12, 2022 11:47 am

भारत के पूर्व कप्तान और क्रिकेट एक्सपर्ट सुनील गावस्कर ने सीनियर खिलाड़ियों से कुछ कठिन सवाल पूछे हैं। उन्होंने सवाल किया है कि सीनियर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए आराम लेते हैं लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग के लिए नहीं। बता दें कि, विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह सहित कई भारतीय खिलाड़ी को हाल की कुछ सीरीज में आराम दिया गया है।
चूंकि कोहली और रोहित इस वक्त अपने खराब फॉर्म से परेशान हैं और अपने करियर में खराब दौर से गुजर रहे हैं, चयनकर्ताओं ने विभिन्न सीरीज के दौरान उन्हें ब्रेक देकर उनके कार्यभार को हल्का करने की कोशिश की। बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा की और एक बार फिर रोहित, विराट, बुमराह, पंत जैसे खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। इस दौरे पर टीम की कप्तानी शिखर धवन करेंगे।
खिलाड़ियों के आराम लेने पर भड़के सुनील गावस्कर
स्पोर्ट्स तक यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान सुनील गावस्कर ने कहा कि, “देखिए, मैं इस बात के बिल्कुल खिलाफ हूं कि खिलाड़ी आराम करें। आप IPL के दौरान आराम नहीं करते, तो तब क्यों कहते हो, जब भारत के लिए खेलते हो? मैं इससे सहमत नहीं हूं। आपको भारत के लिए खेलना ही चाहिए। आराम की बात मत कीजिए।
यह जरूर है कि जब आप टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं तो यहा शारीरिक और मानसिक रूप से आपको थका देता है। लेकिन जब आप टी20 क्रिकेट खेल रहे हैं, तो टेस्ट की अपेक्षा शरीर पर थकान बहुत कम महसूस होती है। यहां एक पारी में सिर्फ 20 ओवर ही होते हैं, जिससे शरीर पर कोई खास असर नहीं होता।”
उन्होंने आगे कहा कि, “अगर बीसीसीआई भारतीय क्रिकेट को और भी प्रोफेशनल बनाना चाहता है तो फिर उसे इस संदर्भ में एक लाइन खींचने की जरूरत है। अगर आपको आराम चाहिए तो फिर बोर्ड से जो आपको लाभ मिल रहा है उसे भी कम करना होगा।”