'भारत में सिर्फ IPL देखा जाता है टेस्ट क्रिकेट नहीं': बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले सर इयान बॉथम ने दिया हैरान कर देने वाला बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘भारत में सिर्फ IPL देखा जाता है टेस्ट क्रिकेट नहीं’: बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले सर इयान बॉथम ने दिया हैरान कर देने वाला बयान

सर इयान बॉथम का मानना है कि पूरी दुनिया में टी-20 क्रिकेट ने पिछले कुछ समय में एक नई पहचान बनाई है, लेकिन इसकी वजह से टेस्ट क्रिकेट के भविष्य पर गहरा असर पड़ रहा है।

Ian Botham
Ian Botham. (Photo by Ian Horrocks/Getty Images)

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर सर इयान बॉथम का मानना है कि पूरी दुनिया में टी-20 क्रिकेट ने पिछले कुछ समय में एक नई पहचान बनाई है, लेकिन इसकी वजह से टेस्ट क्रिकेट के भविष्य पर गहरा असर पड़ रहा है।

बता दें, सर इयान बॉथम को अपने समय के बेहतरीन ऑलराउंडरों में गिना जाता है। उन्होंने टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूपों में इंग्लैंड टीम की ओर से कई मुकाबले खेले हैं। उन्होंने अपने ज्यादातर फर्स्ट क्लास मुकाबले समरसेट की ओर से खेले हैं। अपनी शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ घातक गेंदबाजी के लिए भी सर इयान बॉथम जाने जाते थे।

टेस्ट क्रिकेट को लेकर इयान बॉथम ने दिया बड़ा बयान

मिरर स्पोर्ट से बात करते हुए सर इयान बॉथम ने कहा कि, ‘आप अभी भारत जाइए और देखिए वो टेस्ट क्रिकेट नहीं देखते हैं। वहां लोग सिर्फ IPL देखते हैं। खिलाड़ियों को वहां ज्यादा पैसा मिलता है और यह सुनने में भी काफी अच्छा लगता है लेकिन यह सब चीजें कब तक चलेंगी? टेस्ट क्रिकेट को 100 साल से ज्यादा हो चुके हैं लेकिन यह अब कहीं भी नहीं जा रहा है।’

पूर्व ऑलराउंडर ने विल स्मीड को लेकर भी कहा जिन्होंने लाल गेंद क्रिकेट को छोड़ने का फैसला किया है और सिर्फ लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में खेलते हुए नजर आएंगे। इयान बॉथम को इस बात की चिंता है कि युवा खिलाड़ी मेहनत नहीं करना चाह रहे हैं और सिर्फ पैसों के पीछे भाग रहे हैं जिसकी वजह से टेस्ट क्रिकेट अब खत्म होने जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि भले ही भारत में क्रिकेट की अपनी एक अलग ही लोकप्रियता है लेकिन इसके बावजूद फैंस टेस्ट क्रिकेट से ज्यादा IPL को महत्वता दे रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ की भी तारीफ की।

सर इयान बॉथम ने आगे कहा कि, ‘आपको यह सोचना चाहिए कि ऑस्ट्रेलिया भारत में चार टेस्ट खेलेगी और वह भी बिना वार्म अप मुकाबलों के। वो बिल्कुल ही अलग विकेट में जाकर खेलेंगे। सिर्फ एक ही खिलाड़ी है जिन्होंने यह बात समझी और कहा कि मैं ससेक्स के लिए खेलना चाहूंगा, वो हैं स्टीव स्मिथ। वो इसलिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी है।’

close whatsapp