वसीम अकरम ने 1996 वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल से चुकने को लेकर उठाए गए सवाल पर किया तीखा प्रहार
वसीम अकरम ने युवा पीढ़ी को अफवाहों को नहीं सुनने की सलाह दी।
अद्यतन - Oct 21, 2022 11:13 am

पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने 1996 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मैच में नहीं खेलने का फैसला कर सभी को हैरान कर दिया था। अकरम का यह फैसला पाकिस्तान के लिए बहुत महंगा साबित हुआ था, क्योंकि उन्हें क्वार्टरफाइनल मुकाबले में 39 रनों की हार झेलनी पड़ी, जिसके बाद पूर्व तेज गेंदबाज को लेकर कई तरह की अफवाहें सामने आई।
अब एक बार फिर वसीम अकरम इस मुद्दे को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। दरअसल, पूर्व पाकिस्तानी कप्तान डिबेट शो के दौरान सभी अफवाहों को सुनने के बाद फैंस पर भड़क पड़े, और अपने इस फैसले के पीछे के कारण का खुलासा किया। अकरम ने युवा पीढ़ी को अफवाहों को नहीं सुनने की सलाह देते हुए बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ स्वीप खेलते समय उन्हें चोट लग गई थी और अगर ये बात सामने आ जाती तो भारत का कॉन्फिडेंस जरुरत से ज्यादा बढ़ जाता इसलिए उन्होंने चोट के बारे में पहले नहीं बताया था।
चोट के बारे में प्रेस को न बताने का कारण भारत को अति-आत्मविश्वासी नहीं होने देना था: वसीम अकरम
वसीम अकरम ने पाकिस्तान न्यूज चैनल ए स्पोर्ट पर एक टेलीविजन डिबेट के दौरान कहा: “मैं तुम लोगों को ठंडा कर ही दूं। इस युवा पीढ़ी के लिए मेरे पास इतने शब्द हैं कि कम नहीं पड़ेंगे, लेकिन मैं केवल इतना कहूंगा कि आप कभी भी अफवाहों को न सुनें। ठीक? जब यह हुआ तब तुम लोग पैदा भी नहीं हुए थे। यह शर्मनाक है जब कोई पाकिस्तानी इस मुद्दे को लेकर मुझे टारगेट करता है।
मैं न्यूजीलैंड के खिलाफ एक मैच के दौरान चोटिल हो गया था। मैंने उस मैच में 34 रन बनाए थे। इस पारी के दौरान मैंने एक स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, और ऐसा करते हुए मेरी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया, जिसे ठीक होने में छह हफ्ते लगते हैं। हमने ये बात प्रेस को नहीं बताई, जिसका कारण यह था कि अगर भारत को पता होता कि मैं नहीं खेल रहा हूं, तो भारत का आत्मविश्वास बढ़ जाता।”
पाकिस्तानी दिग्गज ने अंत में कहा: “वकार यूनिस ने देखा, सुबह सबने देखा कि मुझे दो पेन किलर इंजेक्शन लगे थे, लेकिन वे काम नहीं कर रहे थे। अगर मैं चोट के साथ खेला होता, तो मेरी और भी आलोचना की जाती। यह क्या बात हुई कि मैं नहीं खेला इसलिए हम मैच हार गए? मुझे चोट लग गई थी!”