एशिया कप 2022: बल्लेबाजी में भारतीय टीम को रवींद्र जडेजा की कमी खलेगी: इरफान पठान - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: बल्लेबाजी में भारतीय टीम को रवींद्र जडेजा की कमी खलेगी: इरफान पठान

इस टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में रवींद्र जडेजा ने पाकिस्तान के खिलाफ 29 गेंदों में 35 रन की बहुमूल्य पारी खेली थी और टीम की जीत में अहम योगदान दिया था।

ravindra jadeja, irfan pathan and axar patel (source- twitter)
ravindra jadeja, irfan pathan and axar patel (source- twitter)

एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है। टीम के शानदार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा चोटिल होने की वजह से बचे हुए मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। बता दें, इस टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में रवींद्र जडेजा ने पाकिस्तान के खिलाफ 29 गेंदों में 35 रन की बहुमूल्य पारी खेली थी और टीम की जीत में अहम योगदान दिया था।

अब भारत सुपर 4 में पहुंच गई है और उनका अगला मुकाबला एक बार फिर से पाकिस्तान के खिलाफ है। हालांकि इस मुकाबले में जडेजा भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए नहीं दिखेंगे। इरफान पठान के मुताबिक भारतीय टीम को एक जगह पर रवींद्र जडेजा की कमी खलेगी।

स्टार स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान इरफान पठान ने कहा कि, ‘रवींद्र जडेजा की जगह टीम में अक्षर पटेल को शामिल किया गया है जो कि बहुत ही अच्छी बात है। दोनों ही खिलाड़ी एक समान है, लेकिन जडेजा के साथ एक अच्छी बात यह है कि वो जिस तरीके के बल्लेबाज हैं उनको थोड़ा ऊपर भी बल्लेबाजी करने को भेजा जा सकता है। यह आप अक्षर पटेल के साथ नहीं कर सकते। अक्षर पटेल भी काफी अच्छे बल्लेबाज हैं लेकिन उन्होंने कभी भी ऊपर आकर बल्लेबाजी नहीं की है।’

बस जल्द से जल्द रवींद्र जडेजा ठीक हो जाएं: इरफान पठान

बता दें, रवींद्र जडेजा को घुटने में चोट लगी है और यह भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय हो सकता है। टीम को जडेजा जैसे ऑलराउंडर की बेहद जरूरत है क्योंकि वो सिर्फ बल्लेबाजी और गेंदबाजी में ही नहीं बल्कि फील्डिंग में भी कमाल का प्रदर्शन करते हैं। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को शुरू होने में बस कुछ ही हफ्ते बचे हैं और उससे पहले भारतीय टीम यही चाहेगी कि रवींद्र जडेजा जल्द से जल्द ठीक हो जाए।

इरफान पठान ने आगे कहा कि, ‘आपको अच्छी गेंदबाज़ी और अच्छी फील्डिंग दोनों ही मिलेगी इसको लेकर कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन बल्लेबाजी को लेकर थोड़ी परेशानी हो सकती है। इसलिए बस यही दुआ कीजिये कि जल्द से जल्द रवींद्र जडेजा ठीक हो जाए।’

close whatsapp