‘फिटनेस की वजह से उन्होंने अपने 50 विकेट गंवाए हैं’- भुवनेश्वर कुमार को लेकर पूर्व कोच का बयान
शास्त्री के मुताबिक भुवनेश्वर फिट रहने पर सभी प्रारूपों में भारत के लिए नियमित सदस्य बन सकते हैं।
अद्यतन - May 20, 2022 7:48 pm

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल का 15वां सीजन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। पहले दो मैच हारने के बाद SRH ने अपने अगले 5 मैच जीतकर टीम ने प्लेऑफ में पहुंचने की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी। लेकिन उसके बाद एक बार फिर टीम लगातार पांच मुकाबला हार गई धीरे-धीरे उनका टॉप चार में पहुंचने का सपना टूट गया। वहीं आरसीबी की गुजरात पर 8 विकेट की जीत के साथ हैदराबाद इस टूर्नामेंट से अब बाहर हो चुकी है।
इस सीजन में हैदराबाद के लिए उमरान मलिक के अलावा भुवनेश्वर कुमार और टी नटराजन ने भी लगातार अच्छी गेंदबाजी की है। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने आईपीएल में भुवनेश्वर के प्रभावशाली प्रदर्शन को लेकर बात की और यह भी खुलासा किया कि वह अक्सर अपनी फिटनेस को लेकर भुवनेश्वर कुमार से बहस करते रहे हैं।
भुवनेश्वर कुमार को लेकर रवि शास्त्री ने दिया बड़ा बयान
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के हवाले से शास्त्री ने कहा कि, ”मैं बिल्कुल भी हैरान नहीं हूं। जब भी मैं भुवी से मिलता हूं, मेरी उनसे बहस हो जाती है। मैं कहता हूं, अगर वह केवल अपनी फिटनेस पर ध्यान दे और कड़ी मेहनत कर सकता है … खेल के सभी प्रारूपों में खेलने का उसके पास काफी अनुभव है। हर बार जब हमने इंग्लैंड या न्यूजीलैंड का दौरा किया, तो वह अनफिट था।”
पूर्व भारतीय हेड कोच ने आगे कहा कि, “मैंने उनसे कई बार कहा है कि आपने पिछले कुछ वर्षों में अपने आप को 50 टेस्ट विकेट गंवाए हैं। अगर वह फिट रहता है, तो वह भारतीय टीम कामहत्वपूर्ण खिलाड़ी बन सकता था।”
आपको बता दें कि पीठ की समस्याओं के कारण 2019 क्रिकेट विश्व कप के बाद से भुवनेश्वर कुमार लगातार क्रिकेट नहीं खेले हैं। 32 वर्षीय तेज गेंदबाज को तब आईपीएल 2020 के दौरान मांसपेशियों में चोट लगी थी, जिस वजह से वो आईपीएल के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे से भी बाहर हो गए थे।