‘युजवेंद्र चहल की वजह से भारत टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर सकता है’- पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर का बयान
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में युजवेंद्र चहल ने झटके थे चार विकेट।
अद्यतन - Aug 1, 2022 6:15 pm

भारतीय टीम के बेहतरीन लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपने 10 ओवर के कोटे में 47 रन देकर 4 विकेट झटके थे। यही नहीं इस प्रदर्शन के बाद उन्होंने कई रिकार्ड्स भी अपने नाम किए थे।
वह इस मैदान पर वनडे मैच में चार विकेट लेने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोहिंदर अमरनाथ के नाम था जिन्होंने 12 रन देकर तीन विकेट झटके थे। मोहिंदर अमरनाथ के अलावा आशीष नेहरा ने 26 रन देकर तीन विकेट और हरभजन सिंह ने 28 रन देकर 3 विकेट लिए थे। हालांकि चहल के इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद भारत यह मुकाबला 100 रन से हार गया।
इस बीच ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर ब्रैड हॉग ने चहल की तारीफ की है और उन्होंने कहा है कि वो इस समय के बेहतरीन स्पिन गेंदबाजों में से एक हैं। हॉग ने यह भी कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में चहल ने परिस्थितियों को काफी जल्दी परख लिया था और उस हिसाब से ही गेंदबाजी की।
युजवेंद्र चहल ने बेहतरीन गेंदबाजी की: ब्रैड हॉग
पूर्व दिग्गज स्पिनर का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप को जीतने के लिए भारत पसंदीदा टीमों में से एक है। ब्रैड हॉग ने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया टूरिज्म इवेंट में कहा कि, मेरा मानना है कि टी-20 क्रिकेट में लेग स्पिन सबसे प्रभावी विकल्प है, खासकर के बीच के ओवरों में। चहल की गेंदबाजी काफी सराहनीय है। मुझे चहल की सबसे अच्छी बात यह लगी कि उन्होंने पिछले 2 सालों में इस खेल को काफी अच्छी तरह से समझा है।
उन्होंने आगे कहा कि, एक समय ऐसा भी आया जब वो अपने फॉर्म में नहीं थे लेकिन उन्होंने खुद पर भरोसा जताया और जबरदस्त वापसी की। एक खिलाड़ी के रूप में उन्होंने अपने ऊपर काफी मेहनत की है। यह एक दूसरी वजह है कि भारत इस बार के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को जीत सकता है। भले ही पिछले टूर्नामेंटों में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन ना किया हो लेकिन ऑस्ट्रेलिया में होने वाले इस टूर्नामेंट में वह जबरदस्त प्रदर्शन करेंगे।