IPL 2023: युजवेंद्र चहल ने किया बड़ा खुलासा, बताया अपनी सबसे यादगार उपलब्धि के बारे में
चहल ने कहा कि जब उन्होंने पैट कमिंस का विकेट अपने नाम किया था और हैट्रिक पूरी की थी वो उनका सबसे यादगार दिन था।
अद्यतन - मई 12, 2023 5:17 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 56वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 9 विकेट से मात दी। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा विकेट लेने का इतिहास रचा।
बता दें, युजवेंद्र चहल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 4 ओवर में 25 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो के 183 IPL विकेट को पछाड़ा। मुकाबला खत्म होने के बाद स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए चहल ने इस बात का खुलासा किया कि अभी तक उन्होंने 187 विकेट अपने नाम किए हैं और इन सब में उनका सबसे यादगार विकेट कौनसा है।
चहल ने कहा कि जब उन्होंने पैट कमिंस का विकेट अपने नाम किया था और हैट्रिक पूरी की थी वो उनका सबसे यादगार दिन था। चहल ने कहा कि, ‘अगर मेरे को कोई पूछेगा तो मैं हैट्रिक गेंद चुनूंगा। मैंने कुलदीप यादव और बाकी गेंदबाजों को भी देखा है और मैं हमेशा से चाहता था कि एक हैट्रिक मैं अपने नाम भी कर पाऊं।’
हरभजन सिंह और मोहम्मद कैफ ने चहल के फेमस पोज को कॉपी किया
स्टार स्पोर्ट्स मीडिया सेंटर में भारत के पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह, मोहम्मद कैफ और एस. श्रीशांत ने युजवेंद्र चहल के 2019 वनडे वर्ल्ड कप के फेमस पोज को कॉपी किया। यही नहीं मोहम्मद कैफ ने चहल को चेस के खेल के लिए चुनौती दी।
🚨 EXCLUSIVE ON STAR SPORTS 🚨
Don't miss the Yuzi-trionics with @harbhajan_singh , @MohammadKaif & @sreesanth36 as they celebrate @yuzi_chahal's 4-wicket haul in epic fashion!
Tune-in to #IPLonStar LIVE every day!#RivalryWeek pic.twitter.com/twa6PPKnMi
— Star Sports (@StarSportsIndia) May 11, 2023
मुकाबले की बात की जाए तो कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 149 रन बनाए। टीम की ओर से वेंकटेश अय्यर ने 42 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 57 रन की पारी खेली जबकि कप्तान नितीश राणा ने 22 रन का योगदान दिया। राजस्थान रॉयल्स की ओर से चहल के अलावा ट्रेंट बोल्ट ने 2 विकेट झटके।
जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 13.1 ओवर में 1 विकेट खोकर इस लक्ष्य को अपने नाम किया। यशस्वी जयसवाल ने 47 गेंदों में 13 चौके और 5 छक्कों की मदद से 98* रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली जबकि संजू सैमसन ने 48* रनों का योगदान दिया।