जिंबाब्वे के ब्रायन बेनेट ने मात्र 21 साल में रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को भी छोड़ा पीछे - क्रिकट्रैकर हिंदी

जिंबाब्वे के ब्रायन बेनेट ने मात्र 21 साल में रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को भी छोड़ा पीछे

ब्रायन बेनेट ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 163 गेंद पर 20 चौके और तीन छक्कों की मदद से 169 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली।

Brian Bennett (Pic Source-X)
Brian Bennett (Pic Source-X)

जिंबाब्वे और आयरलैंड के बीच पहला वनडे मैच 14 फरवरी को हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया था। इस मैच में मेजबान जिंबाब्वे की ओर से बेहतरीन सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 163 गेंदों पर 20 चौके और तीन छक्कों की मदद से 169 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली।

यह जिंबाब्वे के किसी भी खिलाड़ी द्वारा पांचवा सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। यही नहीं ब्रायन बेनेट पांचवें जिंबाब्वे के बल्लेबाज हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 150 रनों का आंकड़ा पार किया है। बता दें कि, ब्रायन बेनेट अभी सिर्फ 21 साल और 96 दिन के हैं और वह चौथे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने वनडे पारी में 150 से ज्यादा रन बनाए हैं। आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग ने 2010 में कनाडा के खिलाफ 177 रनों की पारी खेली थी और उस समय उनकी उम्र 20 साल और 4 दिन थी।

ब्रायन बेनेट इस सूची में भारत के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और गॉड ऑफ क्रिकेट सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ चुके हैं। विराट कोहली ने वनडे में पहली बार 150 रन का आंकड़ा तब बनाया था, जब वह 23 साल और 134 दिन के थे, जबकि सचिन तेंदुलकर ने यह उपलब्धि 26 साल और 198 दिन में हासिल की थी। ब्रायन बेनेट जिंबाब्वे की ओर से टेस्ट में दूसरे सबसे युवा शतक जड़ने वाले खिलाड़ी हैं।

मेजबान ने जीता पहला वनडे मैच

मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजीकरते हुए जिंबाब्वे की टीम 50 ओवरों में 5 विकेट पर 299 रन बनाने में सफल रही। बेनेट ने वनडे का पहला शतक बनाया। और यह वनडे में जिंबाब्बे के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक रहा। सबसे तेज शतक का कारनामा सेन इरविन ने 21 साल, 49 दिन की उम्र में साल 2004 में भारत के खिलाफ किया था। अब ब्रायन बेनेट दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने कप्तान क्रेग इरविन के साथ 136 रनों की बहुत ही अहम साझेदारी निभाई।

इसके जवाब में आयरलैंड 250 रन पर ऑलआउट हो गई और मेजबान ने इस मैच को 49 रनों से अपने नाम किया। अब इन दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 16 फरवरी को इसी वेन्यू पर खेला जाएगा।

close whatsapp