ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले जिम्बाब्वे करेगा बांग्लादेश और भारत की मेजबानी; जानिए कैसा रहेगा पूरा शेड्यूल
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम 18 साल बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी।
अद्यतन - अगस्त 3, 2022 6:32 अपराह्न

जिम्बाब्वे इस साल अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले व्यस्त कार्यक्रम का सामना करने के लिए तैयार है। जिम्बाब्वे जुलाई-अगस्त में सीमित ओवरों की सीरीज में भारत और बांग्लादेश की मेजबानी के बाद 18 साल बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगा।
जिम्बाब्वे 30 जुलाई से 10 अगस्त तक तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय और तीन मैचों की वनडे सीरीज में बांग्लादेश क्रिकेट टीम की मेजबानी करेगा। इस सीमित ओवरों की सीरीज के समापन के बाद जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम और भारत के बीच तीन वनडे मैच क्रमशः 18, 20 और 22 अगस्त को हरारे में खेले जाएंगे।
भारत साल 2016 के बाद पहली बार जिम्बाब्वे का दौरा करेगा
आपको बता दें, टीम इंडिया साल 2016 के बाद पहली बार जिम्बाब्वे का दौरा करेगी और यह वनडे सीरीज आईसीसी वनडे सुपर लीग का हिस्सा है। इस वनडे सीरीज का समापन 27 अगस्त से खेले जाने वाले एशिया कप 2022 के शुरू होने के एक हफ्ते से भी कम समय पहले होना है, जहां टीम इंडिया को हिस्सा लेना है।
इस घरेलू कार्यक्रम के समापन के बाद जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगी और दोनों टीमों के बीच 28 अगस्त से 3 सितंबर के बीच टाउन्सविले में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। यह दौरा जिम्बाब्वे के लिए आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों और पिचों को समझने का एक अच्छा अवसर होगा। आपको बता दें, जिम्बाब्वे ने 2003-04 से ऑस्ट्रेलिया का दौरा नहीं किया है, जबकि दोनों देशों ने आखिरी बार वनडे मैच साल 2014 में खेली गई त्रिकोणीय सीरीज में खेला था।
यहां देखिए जिम्बाब्वे का आगामी कार्यक्रम –
जिम्बाब्वे बनाम बांग्लादेश
30 जुलाई – पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच, हरारे
31 जुलाई – दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच, हरारे
2 अगस्त – तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच, हरारे
5 अगस्त – पहला वनडे, हरारे
7 अगस्त – दूसरा वनडे, हरारे
10 अगस्त – तीसरा वनडे, हरारे
जिम्बाब्वे बनाम भारत
18 अगस्त – पहला वनडे, हरारे
20 अगस्त – दूसरा वनडे, हरारे
22 अगस्त – तीसरा वनडे, हरारे
ऑस्ट्रेलिया बनाम जिम्बाब्वे
28 अगस्त – पहला वनडे, टाउन्सविले
31 अगस्त – दूसरा वनडे, टाउन्सविले
3 सितंबर – तीसरा वनडे, टाउन्सविले