26 अक्टूबर, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - Oct 26, 2025 5:10 pm

1. अभिषेक नायर को हेड कोच नियुक्त कर सकती है KKR: रिपोर्ट्स
आईपीएल टीम और तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बता दें कि टीम पिछले कुछ समय से केकेआर मैनेजमेंट सेटअप में मौजूद पूर्व भारतीय क्रिकेटर व सहायक कोच अभिषेक नायर को हेड कोच नियुक्त कर सकती है। अगर ऐसा हुआ तो वह टीम में पूर्व कोच चंद्रकांत पंडित को रिप्लेस करेंगे, जिन्होंने हाल में ही केकेआर से अलग होने का फैसला किया है।
2. Women’s World Cup 2025: ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली का सेमीफाइनल में खेलना मुश्किल! हेड कोच ने दिया इंजरी अपडेट
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की हेड कोच शेली निश्के ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध मुकाबला जीतने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया के सवालों का जवाब दिया और हीली की चोट पर एक जरूरी जानकारी साझा की। उन्होंने पुष्टि की कि एलिसा हीली अपनी इंजरी से फिलहाल जूझ रही हैं और वह अभी तक ठीक नहीं हुई हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम को विकेटकीपर-बल्लेबाज पर आगे के आकलन के लिए अभी इंतजार करना होगा।
3. AUS vs IND 2025: वनडे कप्तान शुभमन गिल ने इस अनचाहे रिकाॅर्ड को किया अपने नाम, गांगुली-धोनी से रह गए पीछे
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में बतौर कप्तान गिल ने 10, 9 और 24 रनों की पारियां खेली। इसके साथ ही उनका औसत बतौर कप्तान ऑस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज में 14.33 का रहा, जो अब तक ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाले भारतीय वनडे कप्तानों में सबसे कम है।
साल 2001 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करते हुए कप्तान सौरव गांगुली ने वनडे सीरीज में 18.60 की औसत से रन बनाए थे, तो एमएस धोनी ने साल 2016 में बतौर कप्तान ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेली गई वनडे सीरीज में 17.20 की औसत से रन बनाए थे। लेकिन अब कप्तान गिल बतौर कप्तान ऑस्ट्रेलिया में किसी वनडे सीरीज में सबसे कम औसत से रन बनाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं।
4. NZ vs ENG: हैरी ब्रूक की 135 रनों की पारी हुई बेकार, न्यूजीलैंड ने पहले वनडे में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया
इंग्लैंड क्रिकेट टीम इस समय न्यूजीलैंड दौरे पर है। तो वहीं, आज 26 अक्टूबर से दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत हुई। वनडे सीरीज का पहला मैच बे ओवल, माउंट मौगुनई में खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड ने चार विकेट से जीत हासिल कर ली है।
पहले गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को महज 223 रनों पर रोक दिया। और उसके बाद इस टारगेट को 36.4 ओवरों में 6 विकेट खोकर बड़ी ही आसानी से हासिल कर लिया। इंग्लैंड के लिए कप्तान हैरी ब्रूक ने 101 गेंदों में 9 चौके व 11 छक्कों की मदद से 135 रनों की तूफानी पारी खेली, लेकिन उनकी ये पारी टीम को जीत नहीं दिला पाई।
5. AUS vs IND 2025: ‘विराट और रोहित अपने प्रदर्शन से जबाव दे रहे हैं’ सिडनी वनडे के बाद शुभमन गिल ने दिया बड़ा बयान
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पोस्ट मैच प्रेस कांफ्रेंस में रोहित शर्मा और विराट कोहली से सम्बंधित बातचीत में दोनों ही दिग्गजों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि “विराट और रोहित उनपर उठाये सवालों का जवाब अपने प्रदर्शन से दे रहे हैं और एक कप्तान के लिए, टीम के इन दो अनुभवी खिलाड़ियों को अपनी कही बात पर अमल करते देखना, इससे शानदार कुछ नहीं हो सकता।”
6. AUS vs IND 2025: ‘बाहर बिठा दूंगा’ गौतम गंभीर ने सिडनी वनडे से पहले हर्षित राणा को लगाई थी फटकार
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी वनडे मैच के बाद, हर्षित राणा के बचपन के कोच शरवन ने टाइम्स ऑफ इंडिया पर कहा- उन्होंने मुझे फोन किया और कहा कि वो अपने प्रदर्शन से बाहर के शोर को बंद करना चाहते हैं। मैंने बस इतना कहा, खुद पर भरोसा रखो। मुझे पता है कि कुछ क्रिकेटर कहते हैं कि वो गंभीर के करीब हैं। लेकिन गंभीर प्रतिभा को पहचानना जानते हैं और उनका समर्थन करते हैं।
उन्होंने कई क्रिकेटरों का समर्थन किया है और उन्होंने अपनी टीम के लिए कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने हर्षित को बुरी तरह डाँटा भी। उन्होंने सीधे तौर पर कहा, ‘परफाॅर्म कर, वरना बाहर बिठा दूंगा।’ चाहे जो भी हों, वो (गौतम गंभीर) सबको साफ संदेश देते हैं।
7. शाहिद अफरीदी के इस वर्ल्ड रिकाॅर्ड को जल्द ही तोड़ देंगे रोहित शर्मा, बनेंगे नए ‘सिक्सर किंग’
शनिवार को रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे मैच में कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 13 चौके व 3 छक्के की मदद से 121* रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी। यह रोहित के वनडे करियर का कुल 33वां शतक था।
तो वहीं, अपनी इस कमाल की पारी में तीन छक्के लगाने के बाद, रोहित वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। रोहित के वनडे में अब कुल 349* छक्के हो गए हैं, जबकि पाकिस्तानी ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने अपने वनडे करियर के दौरान कुल 351 छक्के लगाए हैं। रोहित को सिर्फ तीन छक्कों की जरूरत है, शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ने के लिए। रोहित बहुत ही जल्द यह रिकाॅर्ड अपने नाम कर लेंगे।
8. श्रेयस अय्यर की इंजरी पर बड़ी अपडेट आई सामने, कम से कम इतने समय के लिए टीम से हो सकते हैं बाहर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान एलेक्स कैरी का कैच लपकते हुए, भारतीय उपकप्तान श्रेयस अय्यर को पसली में चोट लग गई थी। श्रेयस की यह चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। टीम फिजियो कमलेश जैन उन्हें मैदान से बाहर ले गए। अय्यर लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाते समय काफी दर्द में दिख रहे थे।
इसके बाद, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक प्रेस रिलीज के माध्यम से बताया था कि श्रेयस को चोट की आगे की जाँच और आकलन के लिए अस्पताल ले जाया गया है। तो वहीं, अब खबर आ रही है कि श्रेयस अय्यर कम से कम तीन हफ्ते तक मैदान से बाहर रह सकते हैं। इसके अलावा उन्हें पसलियों में हेयरलाइन फ्रैक्चर हुआ, तो उन्हें रिकवर होने में 2 महीने का समय लग सकता है।