भारतीय पिचों से नाखुश हैं आकाश चोपड़ा, न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद दिया बड़ा बयान
आकाश चोपड़ा की मानें तो वनडे वर्ल्ड कप इस साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाला है और अगर इसके मुकाबले ऐसी सपाटा पिच में हुए तो यह काफी खराब बात होगी।
अद्यतन - Jan 25, 2023 12:36 pm

भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा है कि इस समय की भारतीय पिच काफी खराब है और इसे बेहतर करने की बेहद जरूरत है। चोपड़ा की मानें तो वनडे वर्ल्ड कप इस साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाला है और अगर इसके मुकाबले ऐसी सपाटा पिच में हुए तो यह काफी खराब बात होगी।
बता दें, आकाश चोपड़ा का यह बयान भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा चुके तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले के बाद आया। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस शानदार मैच को भारत ने 90 रन से अपने नाम किया। मेजबान ने तीसरे वनडे में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 385 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा और युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 212 रन की शानदार साझेदारी की।
जहां एक तरफ कप्तान रोहित शर्मा ने 85 गेंदों में 9 चौके और 6 छक्कों की मदद से 101 रन बनाए वहीं दूसरी ओर शुभमन गिल ने 78 गेंदों में 13 चौके और 5 छक्कों की मदद से 112 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘अगर वनडे क्रिकेट ऐसी पिचों में खेला जाएगा तो शुभमन गिल और रोहित शर्मा काफी रन जड़ेंगे। ज्यादातर यही देखने को मिलेगा कि यह दोनों खिलाड़ी एक ही मैच में मार रहे हैं नहीं तो दोनों में से एक ना एक खिलाड़ी का बड़ा स्कोर बनाना पक्का है। अगर किसी दिन यह दोनों खिलाड़ी जल्द आउट हो गए तो विराट कोहली आपको नहीं छोड़ेंगे। ऐसी पिचें क्रिकेट के लिए अच्छी नहीं है।’
ऐसी पिचों में 400 रन बनाना काफी आसान है: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि, ‘अगर आप सिर्फ बड़ा स्कोर बनाना चाहते हैं तो आपको ऐसी पिचें और भी मिलेंगी। यह मेरा मानना है कि यह अच्छी बात नहीं है क्योंकि जब वर्ल्ड कप होगा तो 400 रन आसानी से बन जाएंगे। 400 रन बनना अच्छी बात नहीं है।’
आकाश चोपड़ा ने यह भी कहा कि भले ही भारत इस वर्ल्ड कप को जीतने की प्रबल दावेदार है लेकिन अगर ऐसी पिचों में सिर्फ बल्लेबाज को मदद मिलती है तो तमाम दर्शक मुकाबले को देखते-देखते बोर हो जाएंगे।
चोपड़ा ने आगे कहा कि, ‘एक बार होना समझ में आता है, लेकिन अगर आप पिछले छह मुकाबले देखे तो श्रीलंका के खिलाफ तीन और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी भारत ने बड़ा स्कोर बनाया है। लगातार 400 रन बनना अच्छी बात नहीं है और दर्शक भी एक समय बाद बोर हो जाएंगे।’