Top 5 Lowest Score in T20 History – टी-20 इतिहास के टॉप 5 सबसे कम स्कोर
सिडनी थंडर्स एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ मात्र 15 रन पर ऑलआउट हो गई।
अद्यतन - Dec 17, 2022 11:30 am

16 दिसंबर का दिन क्रिकेट के इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया में चल रहे बिग बैश लीग (BBL) टूर्नामेंट में सिडनी थंडर्स (Sydney Thunder) ने टी-20 प्रारूप में सबसे कम टोटल दर्ज किया। बता दें, सिडनी थंडर्स की टीम एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ मात्र 15 रन पर ऑलआउट हो गई। चाहे लीग क्रिकेट हो या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट यह टी-20 प्रारूप में सबसे कम स्कोर है।
टी-20 क्रिकेट के तमाम प्रशंसक हैं। कई लोगों को यह प्रारूप देखना काफी अच्छा लगता है। खिलाड़ियों को भी इस प्रारूप में खेलना काफी बेहतर लगता है। ऐसी कई टीमें हैं और कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने इस प्रारूप में रिकॉर्ड दर्ज किए हैं।
आज हम आपको बताते हैं ऐसे पांच कम टोटल जो टी-20 प्रारूप में दर्ज हुए हैं। किसी खिलाड़ी के जरिए नहीं बल्कि टीमों के जरिए। इसमें सिडनी थंडर्स के अलावा और भी टीमों के नाम दर्ज हैं।
5- माली (Mali) – 30 runs, त्रिपुरा (Tripura) और (थाईलैंड) Thailand– 30 रन
माली अक्टूबर 2022 में केन्या और रवांडा के खिलाफ चार दिनों की अवधि में 30 रन के स्कोर के साथ सबसे कम स्कोर की सूची में खुद को पाने वाली एकमात्र टीम में से एक है। माली के अलावा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2009 में त्रिपुरा झारखंड के खिलाफ 12 ओवर में मात्र 30 रन पर ऑल आउट हो गई। कुछ ऐसा ही देखने को मिला चतुष्कोणीय टी-20 श्रृंखला में जहां थाईलैंड मलेशिया के खिलाफ 13.1 ओवर में 30 रन पर ऑलआउट हो गई। विरोधी टीम ने इस लक्ष्य को 4 ओवर के भीतर ही बना लिया।
4- तुर्की (Turkey)- 28 रन
सबसे कम रन बनाने वालों की सूची में तुर्की चौथे नंबर पर है। कॉन्टिनेंटल कप 2019 में तुर्की लक्ज़म्बर्ग के खिलाफ मात्र 28 रन पर ऑलआउट हो गई। जब तुर्की के बल्लेबाजी पारी को देखा गया था ऐसा लग रहा था कि यह कोई टेलीफोन का नंबर है क्योंकि कोई भी खिलाड़ी 10 रन का आंकड़ा भी नहीं पार कर सका था। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज हसन हेल्वा ने सर्वाधिक 7 रन बनाए थे। विरोधी टीम की तरफ से अंकुश नंदा ने 6 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे।
3- लेसोथो(Lesotho) – 26 रन
लेसोथो 2021 में टी-20 विश्व कप उप क्षेत्रीय अफ्रीका क्वालीफायर ग्रुप ए में युगांडा के खिलाफ अपने मैच में केवल 26 रन ही बना सके थे। युगांडा के दिनेश नकरानी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 7 रन देकर 6 विकेट झटके। लेसोथो के कप्तान समीर पटेल ने सर्वाधिक 10 रन बनाए।
2- तुर्की (Turkey) – 21 रन
तुर्की ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरीं जब वह कॉन्टिनेंटल कप 2019 में चेक रिपब्लिक के खिलाफ 21 रन पर आउट हो गए। यह वही कंपटीशन था जिसमें तुर्की तीन बार एक ही साल में 35 रन के भीतर ऑलआउट हो गई थी। चेक रिपब्लिक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 278 रन बनाए। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए तुर्की 21 रन पर ऑलआउट हो गई।
1- सिडनी थंडर्स (Sydney Thunder) – 15 रन
अब बात करते हैं टी-20 प्रारूप में सबसे कम स्कोर की। यह रिकॉर्ड है सिडनी थंडर्स के नाम। 16 दिसंबर 2022 को खेले गए मुकाबले में सिडनी थंडर्स एडिलेड के सामने महज 15 रन पर ऑलआउट हो गई। उन्होंने मात्र 5.5 ओवर ही खेले। एडिलेड की ओर से हेनरी थॉर्नटन ने 3 रन देकर 5 विकेट झटके जबकि वेस एगार ने 6 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।