IND vs AUS: पहले टी-20 मुकाबले से पहले विराट कोहली को लेकर आरोन फिंच ने दिया बड़ा बयान
20 सितंबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली जानी है।
अद्यतन - सितम्बर 19, 2022 5:28 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया टीम के टी-20 कप्तान एरोन फिंच ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए उन्हें ‘क्रिकेट जगत के बेहतरीन बल्लेबाजों’ में से एक कहा है। बता दें, हाल ही में संपन्न हुए एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में विराट कोहली ने भारत की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन किया था। यही नहीं इस टूर्नामेंट में वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे थे। उन्होंने कुल 5 मुकाबलों में 92 के औसत और 147.59 के स्ट्राइक रेट से 276 रन बनाए थे।
20 सितंबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज से पहले एरोन फिंच ने भारतीय टीम और विराट कोहली की जमकर प्रशंसा की।
19 सितंबर यानी आज मोहाली में हुए प्रेस कांफ्रेंस में आरोन फिंच ने कहा कि, ‘भारत के पास एक योद्धा है। पिछले 15 सालों में विराट कोहली ने ये दिखाया भी है कि वे विश्व के महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं और टी-20 क्रिकेट में तो उन्होंने अपने गेम को और बेहतर किया है। जब भी आप विराट के खिलाफ खेलते हैं तो उनको आउट करने के लिए आपको कई योजनाएं बनानी पड़ती है।’
विराट कोहली के 71 अंतर्राष्ट्रीय शतक को लेकर आरोन फिंच ने कही ये बात
मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले पहले टी-20 मुकाबले से पहले विराट कोहली ने नेट्स में जमकर अभ्यास किया। उन्होंने तेज गेंदबाजों के सामने बेहतरीन शॉट्स खेले, वहीं स्पिनरों को काफी आराम से खेला। हाल ही में एशिया कप 2022 में विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपना 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा था।
इस शतक को लेकर आरोन फिंच ने कहा कि, ‘वो कमाल के खिलाड़ी है। 71 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाना कोई आसान बात नहीं है। ये सच में अविश्वसनीय है।’
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टी-20 मुकाबलों की सीरीज खेली जाएगी जिसके बाद भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेलनी है। इन दोनों सीरीज के बाद भारत टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में प्रतिभाग करने ऑस्ट्रेलिया जाएगी। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 23 अक्टूबर को खेलेगी।