भारतीय स्पिनरों को लेकर एक बार फिर संजय मांजरेकर ने की तीखी टिपण्णी
जडेजा वो गेंदबाज नहीं हैं जो टी-20 में नियमित रूप से चार ओवर का अपना कोटा पूरा कर सकते हैं।
अद्यतन - अक्टूबर 29, 2021 7:36 अपराह्न

टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में टीम इंडिया की शुरुआत सुखद नहीं रही है, जहां टीम को पहले ही मैच में पाकिस्तान के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। कप्तान विराट कोहली और विकेटकीपर ऋषभ पंत की पारियों को छोड़ दिया जाए तो बाकी के सभी खिलाड़ियों ने उस मैच में अपने फैंस को नाराज करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
उस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने काफी खराब प्रदर्शन किया था जिसको लेकर उन्हें बाद में काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने भारतीय स्पिनरों को लेकर बड़ा बयान दिया है। मांजरेकर का मानना है कि टीम के लिए गेंदबाजी हमेशा ही एक चिंता का विषय रहेगी जब तक हमारे स्पिनर्स विकेट लेने के लिए नहीं सोचते हैं।
मेरे लिए भारतीय गेंदबाजी चिंता का विषय: मांजरेकर
हिन्दुस्तान टाइम्स के लिए कॉलम लिखते हुए संजय मांजरेकर ने कहा, “अश्विन और जडेजा विकेट लेने वाले गेंदबाज नहीं हैं। दोनों ही गेंदबाज विकेट लेने से ज्यादा अपनी इकोनॉमी रेट पर ध्यान देते हैं। मुझे लगता है कि टी-20 में स्पिनरों की भूमिका विकेट लेकर गेम चेंजर बनने की होती है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “मेरे लिए भारत की गेंदबाजी सबसे बड़ा चिंता का विषय है। मैं समझता हूं कि खिलाड़ियों को एक-दो खराब प्रदर्शन के बाद भी समर्थन देना चाहिए लेकिन ऐसा आप आईपीएल जैसे लंबे टूर्नामेंट में कर सकते हो। वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट में एक या दो हार के बाद इसको जीतने के मौके बिल्कुल खत्म हो जाते हैं।
संजय मांजरेकर का मानना है कि रवींद्र जडेजा उन खिलाड़ियों में से नहीं हैं जो आपको अपने कोटे के पूरे ओवर करके दें। उन्होंने कहा, जडेजा आपके तीसरे स्पिनर हो सकते हैं, जो आपको मैच में कुछ ओवर गेंदबाजी करके दे सकें। वह आपके लिए पांचवें गेंदबाज नहीं हो सकते हैं।