IND vs WI: टी-20 सीरीज से बाहर हुए केएल राहुल और अक्षर पटेल, इन दो खिलाड़ियों को मिला मौका - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs WI: टी-20 सीरीज से बाहर हुए केएल राहुल और अक्षर पटेल, इन दो खिलाड़ियों को मिला मौका

केएल राहुल दूसरे वनडे मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के बाद सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे।

KL Rahul. (Photo by Pankaj Nangia/Getty Images)
KL Rahul. (Photo by Pankaj Nangia/Getty Images)

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच इस वक्त अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। आखिरी मैच अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि उससे पहले टी-20 सीरीज के लिए टीम को बड़ा झटका लग चुका है। भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान केएल राहुल और ऑलराउंडर अक्षर पटेल वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली आगामी टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।

इन दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में रुतुराज गायकवाड़ और दीपक हूडा को बतौर रिप्लेसमेंट स्क्वॉड में शामिल किया गया है। बीसीसीआई की तरफ से शुक्रवार को इस बदलाव की जानकारी दी गई। भारतीय बोर्ड की तरफ से बयान जारी कर कहा कि, “उपकप्तान केएल राहुल और हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल को 16 फरवरी, 2022 से कोलकाता में होने वाली वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी-20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है।”

यहां देखिए केएल राहुल और अक्षर पटेल को लेकर BCCI का ट्वीट

बोर्ड ने अपने बयान में आगे कहा है कि, राहुल को 9 फरवरी 2022 को दूसरे एकदिवसीय मैच में फील्डिंग के दौरान ऊपरी बाएं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव का सामना करना पड़ा, जबकि अक्षर कोविड-19 से उबरने के बाद रिहैब प्रक्रिया से गुजरेंगे। दोनों खिलाड़ी अब फिटनेस के लिए बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) जाएंगे।

बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के बाद तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के सभी मुकाबले कोलकाता में खेले जाएंगे। टी-20 का पहला मैच 16 फरवरी को खेला जाएगा, जबकि दूसरा और तीसरा मैच क्रमश: 18 और 20 फरवरी को खेला जाएगा। रोहित की कप्तानी में भारत वनडे सीरीज नाम कर चुका है और टी-20 सीरीज के दौरान भी उनके टीम से अच्छा करने की उम्मीद होगी।

टी-20 सीरीज के लिए भारत की टीम

रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्य कुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, रवि बिश्नोई, युजवेंद्र चहल, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, भुवनेश्वर कुमार, अवेश खान, हर्षल पटेल, रुतुराज गायकवाड़, दीपक हुड्डा।

close whatsapp