IND vs WI: BCCI का बड़ा फैसला, आखिरी टी-20 मैच को देखने ईडन गार्डन्स आ सकेंगे फैंस
सीरीज का तीसरा और अंतिम टी20 मैच 20 फरवरी को खेला जाएगा।
अद्यतन - फरवरी 16, 2022 9:52 अपराह्न

वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप करने के बाद अब टीम इंडिया की नजरें टी-20 सीरीज पर होगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज का आगाज 16 फरवरी से हो चुका है। इस सीरीज के लिए बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) ने भारतीय क्रिकेट कण्ट्रोल बोर्ड BCCI से ईडन गार्डन्स में दर्शकों की एंट्री के लिए अनुमति मांगी थी।
BCCI ने दोनों टीमों के बीच 20 फरवरी को होने वाले तीसरे टी-20 मुकाबले के लिए दर्शकों को आने की अनुमति दी है। फैंस अब आखिरी मुकाबले में मैच को मैदान में जाकर देख सकेंगे। CAB ने बीसीसीआई से अनुरोध किया था कि ईडन के सभी स्टैंडों के ऊपर वाले ब्लॉक में दर्शकों को अनुमति दी जाए। वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम दूसरा मुकाबला 18 फरवरी को खेलेगी।
इंडियन एक्सप्रेस के एक रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने CAB प्रमुख अविषेक डालमिया को ईमेल लिखते हुए कहा कि, “जैसा कि टीम के साथ चर्चा की गई है, आपके अनुरोध के अनुसार, आप ईडन में वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी टी-20 मैच के लिए स्टैंड्स को ओपन कर सकते हैं।”
टीम इंडिया में किए गए बदलाव
रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में कुछ बदलाव किये गए हैं। बांये हाथ के बल्लेबाज ऋषभ पंत को टीम उपकप्तान बनाया गया है, क्योंकि सलामी बल्लेबाज केएल राहुल चोट के कारण टी-20 सीरीज के लिए मौजूद नहीं है। उनके अलावा टीम की गेंदबाजी में भी बदलाव किया गया है। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को इस सीरीज में आराम दिया गया है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली कुछ खास नहीं कर पाए। उन्होंने पूरी सीरीज में केवल 26 रन ही बनाए। 2019 के बाद से विराट के बल्ले से एक भी शतकीय पारी नहीं निकली है। लेकिन फैंस यही उम्मीद कर रहे होंगे की टी-20 सीरीज में विराट अच्छे फॉर्म में दिखें।