Byju's जल्द समाप्त कर सकता है BCCI के साथ जर्सी स्पॉन्सरशिप करार - क्रिकट्रैकर हिंदी

Byju’s जल्द समाप्त कर सकता है BCCI के साथ जर्सी स्पॉन्सरशिप करार

Byju's के दुनिया भर में 150 मिलियन छात्र हैं, जिनमें से 25% भारत के बाहर के छात्र हैं।

Team India (Image Credit- Twitter)
Team India (Image Credit- Twitter)

भारतीय शिक्षा प्रौद्योगिकी स्टार्ट-अप Byju’s भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ अपने स्पॉन्सरशिप सौदे को समाप्त करने पर विचार कर रहा है। दरअसल, Byju’s के पास इस समय भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी की स्पॉन्सरशिप है, और अब वे इस समझौते से बाहर निकलना चाहते हैं।

Byju’s ने पिछले साल जून में अनुमानित यूएसडी $35 मिलियन में बीसीसीआई के साथ जर्सी स्पॉन्सरशिप के अपने समझौते को नवंबर 2023 तक बढ़ा दिया था, लेकिन अब वे इस सौदे को समय से पहले ही समाप्त करना चाहते हैं। इस बीच, बीसीसीआई ने कथित तौर पर खुलासा किया कि Byju’s अपना जर्सी स्पॉन्सरशिप का करार खत्म करना चाहता है, इसलिए बोर्ड ने कंपनी को कम से कम मार्च 2023 तक करार बनाए रखने की गुजारिश की है।

Byju’s और BCCI का करार जल्द समाप्त हो सकता है

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा: ‘BCCI को 4 नवंबर, 2022 को Byju’s से एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें उन्होंने हाल ही में समाप्त हुए टी-20 वर्ल्ड कप के बाद जर्सी स्पॉन्सरशिप का करार समाप्त करने का अनुरोध किया था। Byju’s के साथ हमारी चर्चा के अनुसार, हमने उन्हें इस करार को जारी रखने और कम से कम 31 मार्च, 2023 तक साझेदारी जारी रखने के लिए कहा है।’

इस बीच, Byju’s की सह-संस्थापक दिव्या गोकुलनाथ ने सीएनबीसी के हवाले से कहा: ‘हम वास्तव में अच्छा कर रहे हैं… पिछले 12 महीने में हमारे द्वारा लॉन्च किए गए विभिन्न विषयों में हमने वृद्धि की है। हमें उम्मीद है कि कंपनी अगले वित्तीय वर्ष के अंत तक प्रॉफिट की स्थिति में आ जाएगी, जो मार्च 2024 में समाप्त होगा। कंपनी अब दीर्घकालिक लक्ष्यों को देखना चाहती थी।

आपको बता दें, मार्च 2021 में समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में Byju’s को काफी नुकसान उठाना पड़ा, इसलिए वे BCCI के साथ अपने अनुबंध को समाप्त करने पर विचार कर रहे हैं। Byju’s विभिन्न विषयों में छात्रों को ऑनलाइन कक्षाएं प्रदान करता है। दुनिया भर में इसके 150 मिलियन छात्र हैं, जिनमें से 25% भारत के बाहर के छात्र हैं।

close whatsapp