सचिन तेंदुलकर ने किया खुलासा आखिर क्यों लौटाया था विराट कोहली का दिया हुआ खास तोहफा - क्रिकट्रैकर हिंदी

सचिन तेंदुलकर ने किया खुलासा आखिर क्यों लौटाया था विराट कोहली का दिया हुआ खास तोहफा

सचिन तेंदुलकर ने कहा जब वह अपने करियर की आखिरी पारी खेलकर ड्रेसिंग रूम में लौटे थे, तब वह अपने आंसुओं को नियंत्रित नहीं कर पा रहे थे।

Sachin Tendulkar and Virat Kohli
Sachin Tendulkar and Virat Kohli. (Photo credit: NOAH SEELAM/AFP/GettyImages)

दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में शुमार सचिन तेंदुलकर का विश्व क्रिकेट में बेहद खास स्थान है, और अगर बात करे भारतीय क्रिकेट की, तो अब तक उनकी ऊंचाई तक कोई नहीं पहुंच पाया हैं। जब मास्टर ब्लास्टर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था, तब उनके चाहने वाले जज्बातों के सैलाब से जूझ रहे थे, और उन्ही में से एक दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार विराट कोहली भी थे।

सचिन तेंदुलकर ने साल 2013 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अपने शानदार करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेला था। इस मैच के बाद विराट कोहली ने उन्हें कंधे पर बैठाकर मैदान में घुमाया था। वैसे तो ये सभी जानते हैं जब सचिन तेंदुलकर रिटायर हुए थे, तब विराट कोहली ने उन्हें एक बेहद खास गिफ्ट दिया था, लेकिन शायद ही कोई जानता हो उन्होंने वह गिफ्ट थोड़ी देर बाद ही लौटा दिया था।

सचिन तेंदुलकर ने याद किया विराट कोहली के साथ बिताया हुआ भावुक लम्हा

अमेरिकी पत्रकार ग्राहम बेंसिंगर के साथ बातचीत के दौरान सचिन तेंदुलकर ने खुलासा किया है कि जब वे अपना 200वां टेस्ट मैच और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आखिरी मुकाबला खेल रहे थे, तब विराट कोहली ने ड्रेसिंग रूम में आकर उन्हें अपने पिता द्वारा दिया गया पवित्र धागा भेंट के रूप में दिया था। महान बल्लेबाज ने कहा उन्होंने वह पवित्र धागा कुछ समय तक अपने पास रखा और फिर विराट कोहली को वापस कर दिया, क्योंकि वह उनके स्वर्गीय पिता द्वारा दी गई उनके लिए खास भेंट थी।

उस पल को याद करते हुए सचिन तेंदुलकर ने बताया: “मैं एक कोने में बैठा था, सिर पर एक तौलिया था और मैं बहुत भावुक था। उस समय विराट मेरे पास आए और मुझे वह पवित्र धागा दिया था जो उनके पिता ने उन्हें दिया था। मैंने उसे थोड़ी देर के लिए रखा और उसे लौटा दिया और कहा ‘यह तुम्हारी संपत्ति है, यह अनमोल है और इसे अंतिम सांस तक तुम्हारे पास ही रहना चाहिए’। वह एक भावनात्मक क्षण था और कुछ ऐसा जो हमेशा मेरी यादों में रहेगा।”

16 नवंबर 2013 को मुंबई के वानखेड़े मैदान में सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिए आखिरी मैच खेला था। इस मैच के दौरान पूरे मैदान में सचिन… सचिन… के नारे गूंज रहे थे, और जैसे ही वह वेस्टइंडीज के खिलाफ 74 रन बनाकर आउट हुए, तो स्टेडियम में मौजूद शोर चुप्पी के अंधेरे में जैसे खो गया था।

close whatsapp