गुजरात टाइटंस टीम का हिस्सा बनने के बाद मैथ्यू वेड ने पहली बार दिया बयान जिसमें अपनी भूमिका को लेकर अभी नहीं मिला कोई संदेश
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैथ्यू वेड ने आखिरी बार आईपीएल 2011 में खेला था।
अद्यतन - Feb 21, 2022 9:15 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के लिए 12 और 13 फरवरी को हुए मेगा ऑक्शन के बाद फैंस में आईपीएल का खुमार तेजी से देखने को मिल रहा है। इस सीजन में 8 पुरानी फ्रेंचाइजियों के साथ 2 नयी फ्रेंचाइजी भी शामिल हो गयी हैं। शामिल हुई सभी फ्रेंचाइजियों ने नीलामी से पहले अपने स्टार खिलाड़ियों को रिटेन कर लिया था और उसके बाद अपने-अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को खरीदकर एक मजबूत कोर तैयार कर लिया है।
इस सीजन में शामिल हुई नयी फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस ने ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड को नीलामी में 2.40 करोड़ रुपए में अपने खेमें में शामिल किया था। वेड ने आखिरी बार आईपीएल 2011 में दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से खेला था। 34 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अपने एक बयान में कहा कि वह टीम के लिए टीम के लिए किसी भी क्रम में बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने ईएसपीएन क्रिकइंफो पर बात करते हुए बताया कि “मैंने उनसे इस बारे में ठीक-ठीक बात नहीं की है कि मेरी भूमिका क्या होगी, लेकिन मैं यह मान लूंगा कि ओपनिंग से लेकर सात तक कहीं भी मैं सहज हूं। इस बारे में ज्यादा नहीं सोचता। यदि मध्यक्रम मेरे रास्ते में आता है, तो यह कुछ खेल को समझ पाने और उस भूमिका को निभाने का एक और मौका है।”
“मुझे पता है कि मैं शीर्ष क्रम में क्या कर सकता हूं”- मैथ्यू वेड
मैथ्यू वेड ने निष्कर्ष निकालते हुए कहा कि “मुझे पता है कि मैं शीर्ष क्रम में क्या कर सकता हूं। मैंने इसे अब लंबे समय तक भी किया है। मैं वास्तव में खुश हूं कि मुझे अवसर मिला। मैं खुद को धन्य महसूस करता हूं कि मुझे वहां जाने और फिर से आईपीएल खेलने का मौका दिया गया है।”
मैथ्यू वेड ने पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए एक फिनिशर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ल्ड कप में मैथ्यू वेड ने पाकिस्तान के खिलाफ 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार पारी खेली। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने शाहीन अफरीदी पर तीन लगातार छक्के लगाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को मुश्किल समय से बाहर निकाला। वेड ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया।