भारतीय टी-20 टीम में नंबर तीन पर बेहतर विकल्प कौन हैं, विराट कोहली या श्रेयस अय्यर? जानिए सुनील गावस्कर की राय - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारतीय टी-20 टीम में नंबर तीन पर बेहतर विकल्प कौन हैं, विराट कोहली या श्रेयस अय्यर? जानिए सुनील गावस्कर की राय

सुनील गावस्कर ने बताया विराट कोहली के आने के बाद श्रेयस अय्यर को कहां फिट किया जा सकता है।

Sunil Gavaskar
Sunil Gavaskar. (Photo Source: Twitter)

श्रीलंका के खिलाफ हालिया तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में श्रेयस अय्यर को लगातार तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने का अवसर मिला। इस युवा बल्लेबाज ने इस मौके का बखूबी फायदा उठाते हुए तीनों मैचों में अर्धशतक लगाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए।

विराट कोहली को इस टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए आराम दिया गया था, जिसके चलते श्रेयस अय्यर को तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने का अवसर मिला। युवा बल्लेबाज के धमाकेदार प्रदर्शन के बाद कई पूर्व दिग्गज कयास लगा रहे हैं कि उन्हें भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम में पूर्व कप्तान के स्थान पर खेलाने की योजन शुरू हो चुकी है।

विराट कोहली को रिप्लेस नहीं किया जा सकता: सुनील गावस्कर

इस मामले पर अब भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है, क्योंकि आने वाले दिनों में सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली दोनों ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टीम इंडिया में चयन के लिए उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा, भारतीय टीम में विराट कोहली को रिप्लेस नहीं किया जा सकता है, उनकी जगह किसी भी खिलाड़ी को नहीं दी जा सकती है। अब रही बात श्रेयस अय्यर की तो उन्हें सूर्यकुमार यादव के साथ चौथे या पांचवें नंबर पर भारतीय टी-20 टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होना चाहिए।

Virat Kohli and Shreyas Iyer (Image Source: Getty Images)
Virat Kohli and Shreyas Iyer (Image Source: Getty Images)

सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, यह एक अच्छी समस्या है। जाहिर सी बात है विराट कोहली को रिप्लेस करना मुश्किल है और वह नंबर तीन पर ही बल्लेबाजी करेंगे और इसे लेकर सवाल नहीं उठाया जा सकता है। इसके बाद श्रेयस अय्यर को नंबर चार पर जबकि सूर्यकुमार यादव को पांचवें नंबर पर खिलाया जा सकता है। सूर्यकुमार यादव जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं, उन्हें भारतीय टीम में रहना चाहिए और ये भारत के लिए बहुत बड़ा सकारात्मक पक्ष है।

भारतीय टीम को शुद्ध गेंदबाजों को लेकर उठाना चाहिए जोखिम: सुनील गावस्कर

उन्होंने आगे कहा, टीम इंडिया के पास इतना शानदार बल्लेबाजी क्रम है कि टीम शुद्ध गेंदबाजों को चुनने का जोखिम उठा सकती है, जो बिल्कुल भी बल्लेबाजी में योगदान नहीं दे सकते हैं। गावस्कर ने अंत में कहा कि भारतीय टीम दीपक चाहर या शार्दुल ठाकुर की जगह शुद्ध तेज गेंदबाजों जैसे मोहम्मद सिराज या फिर आवेश खान के साथ मैदान पर उतर सकती है। इस तरह के शानदार बल्लेबाजों के साथ भारतीय टीम चौतरफा गेंदबाजी हमले के बारे में सोच सकती है।

close whatsapp