बल्लेबाजी में फ्लॉप, लेकिन टशनबाजी में हिट है संजू बाबा
IPL 2022 में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करते हुए दिखेंगे संजू सैमसन।
अद्यतन - Mar 1, 2022 2:44 pm

साल 2021 में टी-20 वर्ल्ड कप में मिले हार को कोई नहीं भूल पाया है, जिस वजह से नए कप्तान रोहित लगातार टीम में कुछ न कुछ बदलाव कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में संजू सैमसन को भी मौका दिया। लेकिन हर बार की तरह वो इस बार भी मिले हुए मौके को भुना नहीं सके, जिस वजह से उनकी काफी आलोचना भी हो रही है।
अब तक क्रिकेट एक्सपर्ट और कई फैंस भी यही कहते थे कि संजू सैमसन में जबरदस्त प्रतिभा है लेकिन उन्हें लगातार मौके नहीं मिल रहे हैं जिस वजह से वो बड़े मंच पर उच्च स्तर का प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन एक तथ्य ये भी है कि जब भी उन्हें मौके मिले हैं वहां वो अच्छी पारी नहीं खेल पाए हैं, और अधिकतर समय गलत शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया है।
श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में उन्हें केवल दो मैच में बल्लेबाजी करने का मौका मिला और वहां वो 39 और 21 रन बनाकर आउट हुए। अब तक अपनी बल्लेबाजी के लिए आलोचना झेलने वाले संजू अब अपनी स्टाइल की वजह से चर्चा में हैं। दरअसल सोशल मीडिया पर संजू ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने चमचमाती हुई कार की तस्वीर साझा की है। तस्वीरें में जो फोटो है वो एक स्पोर्ट्स कार की है।
यहां देखिए संजू सैमसन की वो इंस्टाग्राम स्टोरी

IPL में राजस्थान की कप्तानी करते हुए दिखेंगे संजू
भले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संजू सैमसन का बल्ला नहीं चल रहा हो लेकिन आईपीएल में उनका बल्ला अब तक खूब चला है। जिस वजह से राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें इस सीजन के लिए ऑक्शन से पहले ही रिटेन किया था और वो आगामी सीजन में RR की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
2021 सीजन में भी संजू सैमसन ने राजस्थान फ्रेंचाइजी की कप्तानी की थी लेकिन उनकी टीम कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी और सीजन का अंत प्वाइंट्स टेबल पर सातवें पायदान पर किया था। खेले गए 14 मुकाबलों में उन्होंने पांच में जीत दर्ज की वहीं 9 में टीम को हार का मुंह देखना पड़ा था।