रणजी ट्रॉफी की ऐतिहासिक उपलब्धि, इन दो टीमों के बीच खेला गया टूर्नामेंट का 5000वां मैच
सौराष्ट की टीम है रणजी ट्रॉफी की डिफेंडिंग चैंपियन।
अद्यतन - मार्च 3, 2022 3:16 अपराह्न

रणजी ट्रॉफी के इतिहास में गुरुवार (3 मार्च) को एक ऐतिहासिक क्षण आया जब रेलवे और जम्मू-कश्मीर टूर्नामेंट का 5000 वां मैच खेलने के लिए मैदान में उतरे। रेलवे और जम्मू-कश्मीर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी केमप्लास्ट ग्राउंड, चेन्नई में एलीट ग्रुप सी के मुकाबले में आमने-सामने हैं। रणजी ट्रॉफी दो साल के अंतराल के बाद खेला जा रहा है यह टूर्नामेंट इस साल 17 फरवरी को शुरू हुआ।
यह इस साल जनवरी में शुरू होने वाला था, लेकिन बढ़ते COVID-19 मामलों के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। फिर बाद में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने यह फैसला किया कि रणजी ट्रॉफी का आयोजन इस साल दो हिस्सों में किया जाएगा। इस लीग का पहला फेज आईपीएल से पहले खेला जाएगा, जबकि दूसरा फेज आईपीएल के खत्म होने के बाद खेला जाएगा। इस खास मौके पर BCCI ने भी ट्वीट किया।
5⃣0⃣0⃣0⃣ reasons to celebrate! 🙌 🙌
A landmark moment in the history of #RanjiTrophy! 👏 👏@Paytm pic.twitter.com/GZZ3eelAMG
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) March 3, 2022
क्या है रणजी ट्रॉफी का इतिहास?
रणजी ट्रॉफी भारत में क्षेत्रीय और राज्य क्रिकेट संघों का प्रतिनिधित्व करने वाली कई टीमों के बीच खेला जाने वाला एक घरेलू प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट है। टूर्नामेंट का नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर रंजीत सिंह जी के नाम पर रखा गया है, जिन्हें ‘रणजी’ के नाम से भी जाना जाता है।
जुलाई 1934 में रणजी ट्रॉफी की शुरुआत हुई थी और मैचों का पहला सेट 1934-35 में हुआ था। प्रतियोगिता का पहला मैच 4 नवंबर, 1934 को मद्रास और मैसूर के बीच मद्रास के चेपॉक मैदान में आयोजित किया गया था। टूर्नामेंट के इतिहास में, मुंबई ने इसे सबसे अधिक बार (41) इस ट्रॉफी को जीता है, जिसमें 1958-59 से 1972-73 तक लगातार 15 जीत शामिल हैं।
कर्नाटक की टीम 8 बार ट्रॉफी जीत कर टूर्नामेंट की दूसरी सबसे सफल टीम है। वहीं सौराष्ट्र की टीम फिलहाल रणजी ट्रॉफी की डिफेंडिंग चैंपियन है, जिसने साल 2020 में पहली बार इस ट्रॉफी को अपने नाम किया था। युवा खिलाड़ियों के लिए रणजी ट्रॉफी एक बड़ा टूर्नामेंट होता है क्योंकि अगर वो यहां अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो फिर आगे जाकर उनका चयन टीम इंडिया के लिए होता है।